जनगणना यहां रहनेवाले लोगों के बारे में जानकारी एकत्रित करने का जरिया: डीसी
भारत की जनगणना, 2021 के लिए जिला स्तर पर नामित जिला जनगणना पदाधिकारी, अपर, उप जिला जनगणना पदाधिकारी, चार्ज पदाधिकारी एवं सहायक चार्ज पदाधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण की शुरूआत उपायुक्त मुकेश कुमार की अध्यक्षता में डीसी ऑफिस के सभाकक्ष में की गई। उपायुक्त ने कहा कि सभी पदाधिकारी समय पर पहुंचकर पूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करें। किसी भी प्रकार की समस्या को अंतिम में रखकर मास्टर ट्रेनर या उच्च पदाधिकारियों से उसके समाधान की जानकारी लें। जनगणना के माध्यम से लोगों के बारे में विभिन्न जानकारियां प्राप्त करनी है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक मात्र ऐसा जरिया है, जिससे रहने वाले लोगों के बारे में जानकारियां एकत्रित की जाती हैं, जिसमे आर्थिक गतिविधि, साक्षरता, शिक्षा, आवास, घरेलू, सुख-सुविधाएं, शहरीकरण, जन्म - मृत्यु दर, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, भाषा, धर्म, पलायन, दिव्यांगता और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक व जनगणना संबंधी आंकड़ों के बारे में सांख्यिकीय जानकारी जुटाने का सबसे अच्छा स्रोत है। जनगणना गांव, शहर, वार्ड स्तर पर प्राथमिक आंकड़ों का सबसे बड़ा स्रोत है। जनगणना में संकलित किए गए आंकड़ों से देश की योजना एवं विकास के लिए आधार उपलब्ध कराया जाता है। यह जनगणना भारत की प्रथम डिजिटल जनगणना है। उसमें प्रगणक अपने मोबाइल फोन एप का प्रयोग करेंगे। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन निदेशक डीपीएलआर पशुपतिनाथ मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह, अपर नगर आयुक्त चास नगर निगम शशि प्रकाश झा, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मोतीलाल हेम्ब्रम, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा सहित प्रशिक्षण प्राप्त करने आए सभी नामित पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित अधिकारी।
बैठक को संबोधित करते डीसी मुकेश कुमार।
सुविधाओं का होगा आकलन
जनगणना दो चरणों में होगी। प्रथम चरण अप्रैल 2020 से सितंबर 2020 तक तथा द्वितीय चरण 09 फरवरी 2021 से 28 फरवरी 2021 तक होगी। जिसमें पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना जिसमें प्रगणक मकान की स्थिति परिवार के पास उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित आंकड़ों को संकलित करेंगे। दूसरा चरण 09 फरवरी 2021 से 28 फरवरी 2021 तक किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी और उसमें व्यक्तिगत विवरण एकत्र किए जाएंगे।