मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान एक वरदान : सिविल सर्जन
बोकारो | आयुष्मान भारत के तहत प्रत्येक परिवार को इलाज के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए की बीमा योजना के अलावा अब सूबे में मरीजों को पांच लाख रुपए तक का मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान भी मिल सकेगा। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार पाठक ने दी है। सीएस ने बताया कि यह निर्णय आयुष्मान भारत के तहत परिवार के सभी सदस्यों के सहूलियत को ध्यान में रखते हुए किया गया है। यह जरूरतमंद मरीजों के लिए एक वरदान से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले आयुष्मान भारत के तहत एक ही बार पांच लाख रुपए दिया जाता था। ऐसे में अगर उस परिवार का कोई एक व्यक्ति गंभीर बीमारी से पीड़ित होता था तो उसी में पांच लाख रुपए खर्च हो जाते थे। सीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री चिकित्सा अनुदान के तहत राशि ढाई लाख रुपए से बढ़ाकर पांच लाख रुपए तक किए जाने से मरीजों की परेशानी पहले की अपेक्षा काफी कम हुई है।