बिजली कटौती के खिलाफ भाकपा माले ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
डीवीसी की ओर से लगातार जारी बिजली कटौती के खिलाफ लगातार जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में भाकपा माले की गोमिया प्रखंड समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इसी के मद्देनजर पार्टी के गोमिया प्रखंड के कार्यकारी अध्यक्ष उमेश राम की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। उन्होंने कहा कि डीवीसी की मनमानी नहीं चलेगी। झारखंड की गरीब जनता का शोषण किया जा रहा है। वहीं, पार्टी के गोमिया प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि डीवीसी प्रबंधन एवं केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण 10 मार्च से ही 24 घंटों में 18 घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। मात्र छह घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे आम ग्रामीणों, अस्पताल, छोटे-छोटे उद्योगों तथा बच्चों की पढाई-लिखाई पूरी तरह से बाधित हो गई है। जबकि राष्ट्र के निर्माण में प्लांट लगाने एवं कोयला निकालने तथा जलाशय का भंडार के लिए हमारी भूमि अर्जित की गई है। साथ ही, नियमित समय पर उपभोक्ताओं की ओर से बिजली का बिल भी भुगतान कर दिया जा रहा है। ऐसे में डीवीसी की ओर से बिजली कटौती करना न्यायसंगत नहीं है। कहा कि झारखंड की पूर्व की रघुवर सरकार ने गांव-गांव में बिजली देने का ढिंढोरा पीटा। दूसरी तरफ वर्ष 2016 से वर्ष 2019 तक रघुवर सरकार ने डीवीसी को एक पैसा का भी भुगतान नहीं किया। फलस्वरूप 4955 करोड़ रुपए डीवीसी का बकाया रह गया। इन तमाम सवालों को लेकर पिछले 12 मार्च को झारखंड विधानसभा में माले विधायक विनोद सिंह की ओर से मामले को पुरजोर तरीके से उठाया गया था। कहा कि डीवीसी की ओर से अगर 24 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो भाकपा माले जोरदार आंदोलन करेगी। मौके पर चोवालाल प्रजापति, मोहन प्रसाद ठाकुर, मनोवर राय, राजू रजक, सुरेंद्र रंजक, महावीर रजक, शाकिर राय, अब्दुल सलाम, नयूम राय, रेशमा खातून, रूमेजा खातून, रजीबन खातून, हबीबुन खातून, हलीमून खातून, महजहान खातून आदि उपस्थित रहीं।
उपभोक्ता फोरम में जाने की दी चेतावनी
साड़म | सोशलिस्ट पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय मंत्री मृणाल कान्ति देव ने कहा कि डीवीसी झारखंड की भोलीभाली जनता को परेशान करना बंद करे। प्रेस को जारी अपने एक बयान में उन्होंने कहा कि उनकी जमीन, उनके कोयले एवं उनके पानी का डीवीसी उपयोग कर विद्युत उत्पादन कर रही है। बावजूद इसके बिजली नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि डीवीसी की ओर से अगर जल्द सुचारू बिजली नहीं दी गई तो सोपा (लोहिया) झारखंड की जनता के साथ उपभोक्ता फोरम का दरवाजा खटखटाएगी।
डीवीसी के खिलाफ नारेबाजी करते भाकपा माले के लोग।