राजनीति का हिस्सा न बने डीवीसी : इफ्तेखार
ललपनिया | भाकपा झारखंड राज्य सचिव मंडल सदस्य इफ्तेखार महमूद ने कहा है कि झारखंड के संपूर्ण उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सात जिलाें को बिजली उपलब्ध कराने की कानूनी जवाबदेही दामोदर घाटी निगम की है। निगम का जो भी बकाया झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड पर है, वह चार-पांच सालों से चला आ रहा है। इस बकाया के बाद ही डीवीसी बिना किसी व्यवधान के बिजली की आपूर्ति करती आ रही थी। अब झारखंड में विपक्षी दलों की सरकार बनने के बाद डीवीसी के तेवर बदल गए। बकाया राशि की वसूली के लिए बिजली की आपूर्ति 18 घंटा बंदकर आम जनजीवन को बुरी तरह बाधित कर दिया है। इससे यह जाहिर होता है कि कहीं न कहीं डीवीसी राजनीति का हिस्सा बन रही है।
प्रेस को जारी अपने एक बयान में महमूद ने कहा कि डीवीसी राजनीति का हिस्सा बनना छोड़ अन्य तरीके से बकाया वसूली को लेकर पहल करे। बकाया जमा करने को लेकर सरकार को भी वक्त चाहिए। महमूद ने डीवीसी के अध्यक्ष से झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम लिमिटेड से बकाया वसूली के लिए अन्य उपाय करने तथा बिजली कटौती अविलंब वापस लेने की मांग की है।