गृहरक्षकों ने सीएम से मिल की वेतन बढ़ोत्तरी की मांग
झारखंड राज्य गृह रक्षा वाहिनी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाग के नेतृत्व में शुक्रवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर वेतन एवं अन्य सुविधा भत्ता बढ़ोत्तरी की मांग की। संघ ने एक मांग पत्र समर्पित करते हुए कहा कि गृह गृहरक्षकों को बिहार के तर्ज पर मिलने वाले कर्तव्य भता एवं अन्य सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने पूर्व में दिए गए मांग पत्र को भी स्मरण कराया। मुख्यमंत्री सोरेन ने गृहरक्षकों की मांग पर कहा कि राज्य सरकार अल्प वेतन पर कार्यरत गृहरक्षकों की समस्याओं से परिचित है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब वह मुख्यमंत्री थे, उस वक्त भी गृहरक्षकों को कर्तव्य भत्ता में बढोत्तरी के साथ अन्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की गई थी। यह सरकार अल्प वेतन भत्ता कर्मियों को सभी दुःख दर्द को समझने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि गृहरक्षकों की मांग पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष कैलाश नाग, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र हांसदा, संघ प्रतिनिधि राजेश कुमार रवि, बिगल ठाकुर, भक्ति प्रसाद मंडल, अत्ताबुद्दीन अंसारी, धनेश्वर महतो आदि शामिल रहे।
मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपते गृहरक्षक।