बेरमो में चहुं ओर रंगोत्सव का छाया रहा उमंग
संपूर्ण बेरमो कोयलांचल में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। रंगोत्सव होली का उमंग चहुं ओर छाया रहा। छोटे-बड़े, बच्चे-बूढ़े, अधिकारी से लेकर कर्मचारी और मंत्री से लेकर संतरी, हर खासो-आम होली की मस्ती में मतंग हो झूमते रहे। जगह-जगह बाजे-गाजे के साथ होली मिलन समारोह संपन्न हुआ। युवाओं व बच्चों में खासा उत्साह रहा तो बुजुर्ग भी होली खेलने में पीछे नहीं रहे। सूबे के शिक्षा व मद्य निषेध मंत्री जगरनाथ महतो के अावास सहित पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, बेरमो के पूर्व बेरमो विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, गोमिया विधायक लंबोदर महतो के आवास पर खूब होली जमी। वहीं सीसीएल ढोरी जीएम, बीएंडके जीएम व कथारा जीएम के आवास पर भी होली मिलन समारोह का अायोजन हुआ। मंगलवार के दिन होली पड़ने एवं कोरोनावायरस के भय के कारण मुर्गा, मीट दुकान में कम भीड़ रही, लेकिन बुधवार को काफी भीड़ रही। यानी कोरोना के खौफ पर होली की खुमारी भारी रही। वहीं सरकारी शराब दुकान बंद रहने का लाभ अवैध शराब दुकानदारों ने खूब उठाया। होली के दरम्यान कहीं कोई बड़ी घटना नहीं हो, इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह जवान की तैनाती कर रखी थी। साथ ही पेट्रोलिंग भी जारी रही। वहीं, होली के एक दिन पूर्व जगह-जगह पर फ्लैग मार्च भी किया गया। इधर, सूबे के पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के अग्रज के पांच दिन दिन तथा सूबे के पूर्व मंत्री लालचंद महतो के पिता का होली के एक दिन पूर्व देहांत होने से उनके आवास में शोक की लहर रही।
तेलो और आसपास के क्षेत्रों में रही होली की धूम
तेलो | रंगों का त्योहार होली चंद्रपुरा के तेलो, नर्रा, तारानारी, बंदियो क्षेत्र में हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण माहौल में संपन्न हुआ। होली मनाने के लिए लेकर कई जगहों पर ढोल नगाड़े करताल तो कई जगहों पर डीजे पर लोग खूब थिरके। सभी ने होली की शुभकामनाएं एक-दूसरे को दी। साथ ही नर्रा पंचायत में किशुन महतो ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया था।
तुपकाडीह में धूमधाम से मनी होली
तुपकाडीह | पेटरवार एवं जरीडीह प्रखंड के क्षेत्रों में हर्षोल्लास के साथ होली मनाई गई। होली के पहले दिन इन क्षेत्रों में सोमवार की रात्रि को होलिका दहन करने के बाद दूसरे दिन मंगलवार को क्षेत्रों में मंदिरों में भजन कीर्तन हुए। होली गीतों के साथ लोगों ने एक-दूसरे को रंग-अबीर गुलाल लगाकर गले मिलकर धूमधाम से होली मनाई। कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं रही।
बेरमो में होली का जश्न
चंद्रपुरा में होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
चंद्रपुरा | चंद्रपुरा सहित आसपास इलाकों में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। लोगों ने एक दूसरे के रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। चंद्रपुरा थाना प्रभारी नूतन मोदी के अनुसार किसी भी गांव में कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सोमवार की रात जगह-जगह होलिका दहन किए गए। मंगलवार सुबह से ही डीजे साउंड पर युवा एवं बच्चे होली के गीतों पर खूब थिरके। प्रमुख अनीता गुप्ता व घटियारी पंचायत के मुखिया सुदर्शन दास ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दी। लोग सोशल मीडिया पर भी होली की मुबारकबाद देने में लगे रहे।
पूर्व सांसद के साथ होली मनाते लोग।
होली खेलते मंत्री जगरनाथ महतो व अन्य।
होली पर दही मटकाफोड़ खेलते युवक।
सेल्फी लेतीं अबीर-गुलाल से रंगीं बच्चियां।
होली खेलते युवा, बच्चे व महिलाएं।
एक-दूसरे को रंग अबीर लगाते।
मंजीरा के साथ होली खेलते लोग।
फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में होली खेलते लोग।