शिक्षक कोरोना से बचाव की दें जानकारी : डीसी
उपायुक्त मुकेश कुमार ने नोवेल कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सावधानी एवं सतर्क रहने को कहा है। बैठक में कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जिले में सावधानियां बरतने के लिए जानकारियां लोगों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने सहिया, सेविका व शिक्षकों को अपने आसपास काेरोना वायरस से बचाव को लेकर जागरूकता फैलाने काे कहा। साथ ही उन्होंने नगर निगम को साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा है। वहीं सिविल सर्जन को कोरोना से बचाव व सुरक्षा को लेकर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर एडवाइजरी जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को पूरी तैयारी के साथ तैनात रहने काे कहा। डीसी ने कहा है कि खांसते व छींकते समय साफ रुमाल या कपड़े का प्रयोग करें। अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखें। हर वक्त सजग रहें। ताकि कोरोना से बचे रहें।
सार्वजनिक कार्यक्रमों में जाने से परहेज करें, अपने हाथों को स्वच्छ व साफ रखें, हैंड वाश का प्रयोग करें, पानी को गर्म कर ही सेवन करें, खांसते व छींकते व्यक्ति से एक मीटर की दूरी बनाकर रखें। डीसी ने लोगों से अपील की है कि कोरोना वायरस को लेकर भ्रांति से बचें। एक दूसरे के बीच कोरोना से बचाव को लेकर जागरूकता फैलाएं व सतर्क रहें। बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह, सिविल सर्जन डाॅ. अशाेक पाठक, निदेशक सामाजिक सुरक्षा रवि रंजन मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक नीलम आइलन टोप्पो सहित अन्य उपस्थित रहीं।