मानसिक व शारीरिक मजबूती के लिए कराटे जरूरी: विनय
गोमिया प्रखंड अंतर्गत ससबेड़ा पश्चिमी पंचायत स्थित आईईएल मनोरंजन केंद्र में शनिवार को बोकारो जिला स्तरीय दो दिवसीय कराटे प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि गोमिया थाना प्रभारी विनय कुमार एवं बोकारो कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से किया। थाना प्रभारी ने कहा कि कराटे सीखने से बच्चे शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत होते हैं। राजेश ने भी खुद की रक्षा में कराटे को अहम बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण को लेकर महिलाएं और युवतियां जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकतीं हैं। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में बोकारो जिला के विभिन्न क्षेत्रों के एसोसिएशन के सदस्य सहित अन्य कई युवक व युवतियां शामिल होकर कराटे का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इनका प्रशिक्षण एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल आनंद नाग, जिला महासचिव सेसाई महादेव गोप, विमलदीप लाल की ओर से दिया जा रहा है। प्रतियोगिता का समापन रविवार को किया जाएगा। प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। मौके पर विमला मुंडा, संदीप लाल, टोकन कुमार, आनंद कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में शामिल छात्राएं।