- Hindi News
- National
- Bokaro News Many Big Successes In Bokaro With The Support Of Colleagues P Murugan
सहकर्मियों के सहयोग से बोकारो में मिलीं कई बड़ी सफलताएं : पी. मुरूगन
बोकारो में कार्यकाल के दौरान उन्हें अपने सहकर्मियों और वरीय पदाधिकारियों से काफी सहयोग मिला। जिसके कारण उन्हें बोकारो में कई सफलताएं मिल पाई हैं। ये बातें बोकारो के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक पी मुरुगन ने बोकारो पुलिस परिवार की ओर से आयोजित अपने विदाई समारोह के संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बोकारो जिले का माहौल काफी सहयोगात्मक रहा। यहां के जिला प्रशासन, न्यायिक विभाग और पुलिस विभाग के अपने सहयोगियों से सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ। सभी के सहयोग से ही उन्हें कार्य करने में कठिनाई नहीं हुई। यही नहीं बोकारो में काफी कुछ सीखने का भी मौका मिला है। पुलिस टीम के सभी सदस्य कार्य करने के प्रति हमेशा तत्पर रहते हैं। बोकारो में किए गए कार्यों के लिए सभी विभाग के लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि काफी कम जिलों में इस प्रकार का आपसी सहयोग मिल पाता है।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कोयला क्षेत्र के डीआईजी प्रभात कुमार ने कहा कि पी मुरुगन काफी एक्टिव अधिकारी हैं और वे नए नए तरीके से काम करने पर विश्वास करते रहे। जिसके कारण उन्हें बोकारो में काफी सफलताएं हाथ लगी हैं। उन्होंने कहा कि मुरूगन के कार्यकाल में कई नक्सलियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। यही नहीं उनके प्रयास के कारण ही बोकारो जिला अपराधियों को सजा दिलाने में सूबे ही नहीं पूरे देश में आगे रहा है। उन्होंने कहा कि मुरुगन की कार्य करने की जैसी शैली है। उसका लाभ सीबीआई को मिलेगा। इसके अलावा विदाई समारोह को बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार, जैप चार की कमांडेंट सुजाता वीणापाणि सीआईएसएफ के कमांडेंट सर्वश्रेष्ठ अम्बष्ठ, सीआरपीएफ के कमांडेंट अखिलेश सिंह, बोकारो के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोरंजन कुमार, चास एसडीओ शशि प्रकाश सिंह, अभियान एएसपी उमेश कुमार आदि ने भी संबोधित किया। विदाई समारोह में मंच संचालन मुख्यालय डीएसपी सतीश चंद्र झा ने की। इस अवसर पर कई पुलिस अफसर उपस्थित रहे।
भावुक होकर लड़खड़ा गए निवर्तमान पुलिस अधीक्षक
बोकारो के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक पी मुरूगन वेस्टर्न फार्म में आयोजित अपने विदाई समारोह को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। भावुकता में बोलते बोलते एक बार वे पूरी तरह लड़खड़ा गए। वहां उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें संभाला।
निवर्तमान एसपी को विदाई देते अफसर।