पंचायत समिति सदस्य को राज्य छोड़ने का फरमान
गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना के अंतर्गत चुट्टे पंचायत के पंसस राजू प्रसाद महतो को नक्सलियों की ओर से होली की पूर्व संध्या अपनी पंचायत ही नहीं, बल्कि झारखंड प्रदेश छोड़ने का फरमान जारी किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि, न तो इस मामले में पुलिस कुछ स्पष्ट बता पा रही है और न ही खुद पंसस राजू ने कोई जवाब दिया। चुट्टे पंचायत के पंसस पर पुलिस मुखबिरी और नक्सलियों के खिलाफ षड्यंत्र करने का आरोप है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार होली की पूर्व संध्या सोमवार को नक्सलियों के एक दस्ते ने मिथिलेश सिंह के नेतृत्व में चुट्टे पंचायत स्थित राजू प्रसाद महतो के निवास स्थान चैयाटांड़ पहुंचकर उसे घर से बुलाया। इसके बाद इसी पंचायत के चैयाटांड़ और कुरकुटिया गांव के ग्रामीणों को बुलाया और जन अदालत लगाई। बताया जाता है कि पंचायत समिति पर नक्सलियों ने 10-20 डंडे भी बरसाए। घटना के बाद से पंचायत में नदारद पंसस राजू के मोबाइल पर संपर्क कर सच्चाई जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं, इस बावत चतरोचट्टी थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने अनभिज्ञता जाहिर की है।