पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Kathara News Production Affected By Cutting Conveyor Belts Without Po Orders

पीओ के आदेश के बगैर कन्वेयर बेल्ट काटने से उत्पादन प्रभावित

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सीसीएल कथारा वाशरी परियोजना के एचएमएस विभाग में बुधवार की देर शाम एक अधिकारी की ओर से पावर वाश कोल का कन्वेयर बेल्ट कटवा देने की घटना से श्रमिकों सहित मजदूर नेताओं में काफी आक्रोश है। इस मामले को लेकर गुरुवार सुबह असिस्टेंट मैनेजर सोनू कुमार से मजदूर प्रतिनिधियों एवं मजदूरों ने पूछताछ की तो उनसे मिले जवाब पर सभी लोग और ज्यादा आक्रोशित हो उठे। मजदूर प्रतिनिधियों के अनुसार सोनू कुमार ने कहा कि विभाग के इंचार्ज होने के नाते उन्होंने खुद पावर वाश कोल का 267 नंबर कन्वेयर बेल्ट कटवाया है। इतना कहकर वह चलते बने। इसके बाद मजदूर प्रतिनिधि सर्वजीत कुमार पांडेय, रामेश्वर मंडल, रंजय सिंह, आमिर हुसैन, दयाल यादव, मो. मोबिन, मो. कयूम, मो. असलम ने परियोजना कार्यालय पहुंचकर पीओ आरसी सिंह को मामले से अवगत कराया। मजदूर नेताओं के अनुसार पीओ आरसी सिंह ने कहा कि उनकी ओर से कन्वेयर बेल्ट काटने का कोई आदेश नहीं दिया गया है। उन्होंने मामले की जानकारी जीएम को देने की बात कही है। इसपर सभी श्रमिक प्रतिनिधियों ने उस अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई करने की मांग की। श्रमिक प्रतिनिधियों ने कहा कि एक अधिकारी की ओर से जान बूझकर कन्वेयर बेल्ट को काटवाना और उत्पादन को प्रभावित करना गलत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कन्वेयर बेल्ट के नीचे लगे चैनल बेस को काटने का भी प्रयास किया गया, ताकि पूरा स्ट्रक्चर ही बर्बाद और क्षतिग्रस्त हो जाए। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

बड़ा ब्रेक डाउन रोकने को कटवाया जर्जर बेल्ट

जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, वे निराधार हैं। ऐसी कोई बात नहीं है। मुझे जब मालूम चला कि बेल्ट टूटने की स्थिति में है तो आनन-फानन में उसे कटवाना पड़ा, ताकि किसी बड़े ब्रेकडाउन की स्थिति उत्पन्न न हो सके। मैंने लिखित रूप से इस मामले का जवाब क्षेत्र के महाप्रबंधक सहित परियोजना पदाधिकारी को दे दिया है। पिन जैसे ही उपलब्ध होता है बेल्ट की मरम्मत करा दी जाएगी।

सोनू कुमार, असिस्टेंट मैनेजर।

रोजाना 250 टन पावर वाश होगा प्रभावित

इस मामले में फोरमैन मो. कयूम ने कहा कि कन्वेयर बेल्ट के काटने से प्रत्येक दिन 250 टन पावर वाश कोल का उत्पादन प्रभावित होगा। उस कोयले की अनुमानित राशि 3600 रुपए प्रति टन है। यानी लगभग 9 लाख रुपए प्रतिदिन वाशरी प्लांट को नुकसान होगा। फोरमैन होने के नाते उन्हें बेल्ट काटने को लेकर न कुछ सूचना थी और न ही इस संदर्भ में विभागीय आदेश आया था।

कटा हुआ कन्वेयर बेल्ट।
खबरें और भी हैं...