- Hindi News
- National
- Bokaro News There Was A Ruckus During The Filing Of Objection On The Voter List
मतदाता सूची पर अापत्ति दर्ज कराने के दाैरान हुअा हंगामा
चास प्रखंड कार्यालय में शुक्रवार को मतदाता सूची के विखंडन के बाद अापत्ति दर्ज कराने के दाैरान खूब हंगामा हुआ। इसके बाद बीएलओ कार्य बंद करते हुए कार्यालय से बाहर निकल गए। साथ ही साथ कार्य में बाधा पहुंचाने वालों के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग बीडीओ से की। चास के कला सांस्कृतिक भवन में दावा आपत्ति का कार्य चल रहा था। यहां चास नगर निगम के सभी वार्डों के बीएलओ थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इनमें वार्ड 15 के पार्षद पति अमर स्वर्णकार, आलोक सिंह, विकास कुमार सिंह, अनिल रजवार,राहुल कुमार ने बताया कि पूर्व में उनका नाम मतदाता सूची में था मगर अभी नहीं है। जबकि बीएलओ काे इसकी जिम्मेदारी दी गई थी कि वे मतदाता की जांचकर सबके नाम को जोड़े। इतना ही नहीं लगभग हर वार्ड में काफी संख्या में मतदाताअाें के नाम दूसरे वार्ड में कर दिए गए हैं। इसमें कहीं न कहीं कोई साजिश है। अमर स्वर्णकार ने कहा कि उनके वार्ड के लगभग 160 मतदाताअाें के नाम वार्ड 17 में डाल दिए गए हैं। जाे गलत है और इस बारे में पूछने पर यहां कोई मदद नहीं कर रहा है। इस दौरान बीएलओ और इन लोगों के बीच नोकझोंक हुई। हंगामा होने के बाद बीएलओ सभागार से कार्य छोड़कर बाहर निकल गए। इसे लेकर दोपहर बारह बजे से शाम तक कार्य बाधित रहा।
इधर कार्य कर रहे बीएलओ ने सामूहिक रूप से लिखित शिकायत करते हुए अमर स्वर्णकार और अन्य के खिलाफ कार्य में बाधा पहुंचाने और हाथापाई करने का आरोप लगाते हुए बीडीओ से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही साथ बीएलअो के कार्य में लगे शिक्षकों को सुरक्षा देने की भी मांग की है।
आपत्ति दर्ज कराने के दौरान हो रही नोकझोंक।
लिखित शिकायत करें मतदाता ताे होगा समाधान: बीडीओ
इस बारे में पूछे जाने पर बीडीओ संजय शांडिल्य ने बताया कि बीएलओ और जनप्रतिनिधियों को अापसी सामंजस्य के साथ कार्य करना चाहिए। बीएलओ को भी शांतिपूर्वक शिकायत सुननी चाहिए और आपत्ति करने वालों को भी सहयाेग करना चाहिए। हंगामा नहीं करना चाहिए। जहां तक मतदाता के नाम को लेकर गड़बड़ी है तो हल्ला करने से बेहतर है कि मतदाता अपने नाम से लिखित आवेदन देकर आपत्ति दर्ज कराएं तो उसकी सुनवाई होगी और समाधान किया जाएगा।