सड़क दुर्घटना में टीटीपीएस के सहायक अभियंता की हुई मौत
तीन घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा
ललपनिया निवासी सह तेनुघाट विद्युत मजदूर यूनियन के महामंत्री धनीराम मांझी के 25 वर्षीय पुत्र एवं टीटीपीएस के सहायक अभियंता सुनील मुर्मू की मृत्यु गोमिया प्रखंड खखंडा में शनिवार सुबह 4.00 बजे एक सड़क दुर्घटना में हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सुनील मुर्मू अपने दोस्तों के साथ टीटीपीएस ललपनिया में ड्राइवर भानु ठाकुर के पुत्र की बारात से लौट रहे थे। बारात चरही के बलसागरा से लौट रही थी। ललपनिया अपने घर वापस लौटने के क्रम में स्कार्पियों का संतुलन बिगड़ गया और वह खखंडा गांव में एक घर की दीवार में जा टकराई। घायल सुनील मुर्मू को इलाज के लिए परिजन रांची ले जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके पैतृक गांव दनिया ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। सुनील खुद स्कार्पियो ड्राइव कर रहे थे। उसी वाहन में बैठे सुभाष महतो, कमलेश प्रजापति, छोटेलाल मुर्मू का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। टीटीपीएस के प्रशासनिक भवन में सहायक अभियंता सुनील मुर्मू के निधन पर टीटीपीएस के जीएम घनश्याम कुमार की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन किया गया।
मृतक सुनील मुर्मू की फाइल फोटो।