नावाडीह में दो दिवसीय झारखंड महोत्सव आज से
नावाडीह | झारखंड की कला-संस्कृति को देश दुनिया में एक नई पहचान देने तथा युवाओं को अपनी परंपरा व संस्कृति से जोड़ने को लेकर नवयुवक समिति मंझलीटांड़ की ओर से शनिवार को यहां पांचवें झारखंड महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी सहित रामगढ़ विधायक ममता देवी, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद, गोमिया विधायक लंबोदर महतो, प्रमुख पूनम देवी, मुखिया कौशल्या देवी, पंसस खुशबू कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। समिति के अध्यक्ष मुकेश महतो ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड महोत्सव में झारखंड की कला संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित नाटुवा, झूमर एवं छऊ नृत्य प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र होंगी। सफल प्रतिभागियों को पद्मश्री मुकुंद नायक सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम की सफलता को लेकर श्यामलाल महतो, देवनारायण महतो, शिरोमणि महतो, राकेश महतो, लोकेश्वर महतो, जयनाथ महतो, देवानंद महतो, गणेश महतो बैजनाथ, सहदेव आदि लगे हैं।