एसीएफ ने मनोहरपुर में बीमार शिशु हाथी का लिया जायजा
विगत 8 मार्च को अपने झुंड से बिछड़े शिशु हाथी को लेकर शुक्रवार को एसीएफ निरंजन कुमार ने मनोहरपुर का दौरा किया। इस मौके पर वे यहां वन विश्रामागार गए और शिशु हाथी को देखा। मौके पर उन्होंने वनकर्मियों से बच्चे की ताजा स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही वनकर्मियों को जरूरी निदेश भी दिए। इस मौके पर उन्होंने बताया कि हाथी को रांची स्थित बिरसा जैविक उद्यान भेजने को लेकर प्रक्रिया चल रही है। इसमें 1- 2 दिन का समय लग सकता है। फिलहाल शिशु हाथी को लेकर विभाग पूरी एहतियात बरत रहा है। साथ ही उसके स्वास्थ्य, आहार व सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि शुक्रवार को बच्चे की गतिविधियां भी काफी बढ़ गई है। एसीएफ ने बच्चे की सुरक्षित देखभाल के लिए वनपाल ज्ञानचंद प्रसाद, वनरक्षी रवि प्रजापति, ज्ञानसिंह भूमिज, अश्विनी प्रधान, श्यामलाल बोदरा, कुंदन प्रसाद व कैटल वाचर सुरेश महतो की सराहना की। इस मौके पर गुआ रेंज अधिकारी कमलेश्वर प्रसाद सिन्हा, आनंदपुर रेंज के पूर्व रेंज अधिकारी मनोज कुमार आदि मौजूद थे। दूसरी ओर आरसीसीएफ वी शाह ने दैनिक भास्कर को बताया कि बच्चे को जमशेदपुर के दलमा अभयारण्य में भी लाया जा सकता है। बताया कि इसमें और 1-2 दिन का समय लग सकता है।