- Hindi News
- National
- Sonua News After 94 Years Water Reached School Documentary Film Is Being Made
94 वर्ष बाद स्कूल में पहुंचा पानी अब बन रही है डॉक्युमेंट्री फिल्म
सोनुआ प्रखण्ड मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक स्कूल में उसके स्थापना काल से 9 दशक तक बच्चों के लिये पानी की सुविधा नहीं थी। लेकिन 94 वर्ष बाद जब स्कूल में पानी की सुविधा उपलब्ध हुई तो स्कूल ने स्वच्छता के मामले में अव्वल आकर मिसाल पेश किया है।
यूनिसेफ द्वारा अब इस स्कूल की स्वच्छता पर डॉक्युमेंट्री फ़िल्म बनाई जा रही है, जो दूसरे स्कूलों को स्वच्छता का सन्देश देगा। सोनुआ बाजार के पास सोनापोस गांव के बगल में स्थित बालक मध्य विद्यालय सोनुआ की स्थापना 1925 में हुई थी। एक छोटी सी टुंगरी के ऊपर स्थित इस स्कूल परिसर में चापाकल नहीं था। स्कूल परिसर में पानी की सुविधा नहीं होने से शिक्षकों और बच्चों को काफी समस्या होती थी। स्कूल की साफ सफाई और शौचालय के उपयोग में भी समस्या होती थी।
बताते चलें कि स्वच्छ विद्यालय स्वस्थ बच्चे अभियान के सर्वे में बालक मध्य विद्यालय सोनुआ को फाइव स्टार रेटिंग मिला है। स्कूल के प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर महतो से मिली जानकारी के मुताबिक स्कूल को स्वच्छता के सर्वे के लिये पिछले दिनों अंतर जिला सत्यापन दल के जाँच में 100 में से 95 अंक मिले।