ब्रोतिन को मार्शल आर्ट्स में मिला ब्लैक बेल्ट
शहर के ब्रोतिन दत्ता पश्चिमी सिंहभूम जिले में मार्शल आर्ट्स ताइक्वांडो सबसे कम अवस्था में ब्लैक बेल्ट हासिल करने का गौरव प्राप्त कर लिया है। 8 वर्षीय ब्रोतिन शहर के पोटका स्थित संत जेवियर्स इंग्लिश स्कूल में कक्षा चतुर्थ का छात्र है और यूकेजी से ही ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। इस उपलब्धि पर शनिवार को विद्यालय की एसेंबली में ब्रोतिन को ब्लैक बेल्ट एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य फादर जोनी पीडी ने ब्रोतिन को प्रमाण पत्र प्रदान किया। जबकि मुख्य प्रशिक्षक सह पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव अनुराग शर्मा ने ब्रोतिन को विधिवत ब्लैक बेल्ट पहनाया।
पिछले साल दी थी ब्लैक बेल्ट की परीक्षा
पिछले साल ब्रोतिन ने कक्षा तीन में पढ़ते हुए ब्लैक बेल्ट डिग्री के लिए परीक्षा दी थी। यह परीक्षा बोकारो में ली गई थी। जिसमें सफल होने पर उन्हें प्रमाण पत्र एवं ब्लैक बेल्ट दिया गया। ब्रोतिन के पिता विजय दत्ता को शहर के लोग बापी दत्ता के नाम से जानते हैं। बापी दत्ता एक समाजसेवी एवं संवेदक हैं। जबकि ब्रोतिन की माता आशा दत्ता गृहिणी हैं। ब्रोतिन ने सब जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में एक स्वर्ण एवं एक रजत पदक भी जीता है। प्राचार्य फादर जोनी पीडी ने कहा कि ब्रोतिन की इस उपलब्धि से विद्यालय का गौरव बढ़ा है। कम उम्र में यह मुकाम हासिल कर ब्रोतिन ने स्कूल के बच्चों के समक्ष मिसाल पेश की है। उम्मीद है, बच्चे उनसे प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा साबित करेंगे। अपने परिवार, विद्यालय के साथ राज्य और देश का मान बढ़ाएंगे। इससे औरों को प्रेरणा मिलेगी।