- Hindi News
- National
- Chakradharpur News City Story Teller Dinkar Sharma Staged Muktibodh39s Story 39birds And Termites39
शहर के स्टोरी टेलर दिनकर शर्मा ने मुक्तिबोध की कहानी ‘पक्षी और दीमक’ का किया मंचन
राजस्थान के सांस्कृतिक समृद्ध शहर में आयोजित पांच दिवसीय बीकानेर थियेटर फेस्टिवल 2020 में चक्रधरपुर शहर के जाने माने स्टोरी टेलर दिनकर शर्मा ने मुक्तिबोध की कहानी ‘पक्षी और दीमक’ का मंचन किया। भारत के प्रमुख थियेटर फेस्टिवल्स में से एक इस रंग महोत्सव में देश के जानेमाने नाट्यदलों, रंग समीक्षकों और टेलीविजन तथा सिनेमा के कलाकारों ने 4 से 8 मार्च तक भाग लिया और इस फेस्टिवल की गरिमा में चार चांद लगा दिया। एनएसडी के कई दिग्गजों के अलावे हास्य कलाकार सीमा मोटवानी, अभिनेता यशपाल शर्मा, अखिलेंद्र मिश्र और प्रख्यात रंग निर्देशक भानु भारती की उपस्थिति थियेटर फेस्टिवल की महानता को साबित कर रहा था। इतने बड़े मंच पर चक्रधरपुर के स्टोरी टेलर दिनकर शर्मा की प्रस्तुति होना शहर को गौरवान्वित करना रहा। शर्मा की प्रस्तुति को सभी ने सराहा और कम
समय में साधारण ढंग से असाधारण प्रस्तुति बताते हुए अभिनय की तारीफ़ की। विशेष आमंत्रण पर दिनकर ने बीकानेर अवस्थित श्री गोपेश्वर विद्यापीठ सेकेंडरी स्कूल के वार्षिकोत्सव में भी ‘पक्षी और दीमक’ की प्रस्तुति की। विद्यालय प्रबंधन ने दिनकर की इस कला को मानवता का प्रतीक बताया तथा बिना विशेष तामझाम के भी सभी को अपने रंग में सराबोर करने वाला कहा तथा श्री शर्मा को सम्मानित भी किया। शर्मा को पुनः बीकानेर से कई फेस्टिवल्स का आमंत्रण मिला है। दिनकर ने इस विराट आयोजन के लिए आयोजक टीम को विशेष धन्यवाद दिया। उक्त जानकारी देवेंद्र कुमार मिश्रा ने दी।
बीकानेर में कला का प्रदर्शन करते चक्रधरपुर के दिनकर शर्मा।