सीआरपीएफ के जवानों ने जागरुकता रैली निकाली
सरायकेला।| सीआरपीएफ 196 बटालियन द्वारा नागरिक कर्तव्य जागरूकता मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। मोटरसाइकिल रैली का शुभारंभ बटालियन परिसर से किया गया इसके बाद यह रैली मुख्य सड़क दुगनी तक पहुंची तथा कैंप परिसर वापस हुई। 26 नवंबर 2019 से संविधान दिवस के अवसर से ही प्रत्येक माह स्थानीय लोगों एवं सीआरपीएफ के जवानों को अपने मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य एवं संविधान के बारे में जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होते आया है। सीआरपीएफ द्वारा अभी तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता निबंध प्रतियोगिता एवं स्थानीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। जवानों एवं सीआरपीएफ के अधिकारी गण भाग लिए। रैली के माध्यम से समाज एवं देश के कल्याण के लिए अपने अधिकारों और कर्तव्यों को जानने व सीखने की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम में कमांडेंट बिरसा उरांव, द्वितीय कमान अधिकारी पंकज कुमार सिंह, उप कमांडेंट, सूबेदार मेजर सुरजीत सिंह आदि मौजूद थे।