इधर...होली पर रंगों से सराबोर रहा सरायकेला
सरायकेला| रंगों के उत्सव होली को लेकर सरायकेला उल्लास में डूबा रहा। सोमवार को सरायकेला सहित आसपास के क्षेत्र में भी धार्मिक परंपराओं के साथ होलिका दहन उत्सव मनाया गया। जिसमें पंचांगीय दशा के अनुसार रात्रि बेला में विभिन्न स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम किए गए। इसके तहत गेस्ट हाउस ग्राउंड में, थाना चौक के समीप, नहर कॉलोनी सहित अन्य स्थानों पर भी होलिका दहन किया गया। जिसमें लोगों द्वारा बुराई के खात्मे और सच्चाई के जीत स्वरूप अपने कष्ट को होलिका के अग्नि में समर्पित करते हुए मंगल कामना की गई। होलिका दहन रात्रि की अगली प्रातः मंगलवार को सरायकेला एवं सीनी सहित आसपास के सभी ग्रामीण इलाकों में भी होली का उत्साह शुरू हुआ। हर संभावनाओं को दरकिनार कर लोगों ने इस अवसर पर जमकर होली खेली। विशेषकर बच्चों में इसका उल्लास चरम पर देखा गया। जहां रंगों भरी पिचकारी और गुब्बारे से होली का दौर देर दोपहर तक जारी रहा। इस दौरान फगुआ के गीतों से शहर और ग्रामीण क्षेत्र गुंजायमान रहे। लोगों ने एक दूसरे से मिलकर रंग लगाते हुए होली की शुभकामनाएं दी। वही शाम के समय से गुलालों वाली होली का दौर चला। जिसमें नए कपड़े पहन कर लोगों ने सबसे पहले अपने इष्ट को गुलाल अर्पण किए।