चिरकुंडा में दुकानदार को थमाए 21 सौ के जाली नोट
सोमवार को भीड़ का लाभ उठाकर चिरकुंडा बाजार स्थित मनिहारी दुकानदार राजू कुमार को किसी ग्राहक ने 21 सौ रुपए के जाली नोट थमा दिए। दुकान में भीड़ खत्म होने के बाद जब दुकानदार ने नोट की जांच की तो दो हजार का एक व एक सौ का एक नोट जाली निकले। हालांकि इस संबंध में दुकानदार ने चिरकुंडा थाना में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई। वही दुकान में जाली नोट मिलने से दुकानदारों व ग्राहक सशंकित हैं और लोग जांच कर ही नोट का लेनदेन कर रहे हैं। दुकानदार राजू कुमार ने कहा कि होली को लेकर ग्राहकों का भीड़ थी। ग्राहकों को जल्द सामग्री देने के चक्कर में मैंने नोट की जांच नहीं की। इसी बीच भीड़ का लाभ उठाकर किसी ने दो हजार व एक सौ का एक-एक नोट थमा दिए। पश्चिम बंगाल की सीमा सटी होने के कारण जाली नोट कारोबारी बंगाल से चिरकुंडा पहुंच भीड़ का लाभ उठाकर जाली नोट को बाजार में चलाने का प्रयास करते हैं।