लोयाबाद में 25 टन अवैध कोयला जब्त
लोयाबाद|लोयाबाद पुलिस ने बुधवार को लोयाबाद ईदगाह के समीप खंडहरनुमा भवन से करीब 25 टन अवैध कोयला जब्त किया। हालांकि इतने बड़ी कार्रवाई के बाद भी पुलिस मामले में कोई कांड अंकित नहीं किया है। सिर्फ कोयला जब्त कर ही अपनी पीठ थपथपा रही है। छापेमारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। पुलिस को सूचना मिली कि उक्त स्थान पर कोयला जमा किया जा रहा है। जहां से अन्यत्र टपाया जाएगा। जब्त कोयला बासदेवपुर कोलयरी से लाकर जमा करने की बातें सामने आ रही है। बासुदेवपुर कोलियरी इन दिनों कोयला तस्करों का चारागाह बना हुआ है। कोलियरी प्रबंधन के द्वारा कोलियरी कार्यालय के समीप कोल डंप बनाया गया है। कोयला तस्करों के गुर्गों के द्वारा बासुदेवपुर कोलियरी उत्खनन परियोजना व उक्त स्थान से भारी पैमाने पर कोयला टपाया जाता है। साईकिल से विभिन्न जगहों पर जमा कर हाइवा व ट्रकों के माध्यम से बाहर भेजा जाता है। इन तस्करों को पुलिस का भी संरक्षण प्राप्त है। थाना प्रभारी ने कहा कि कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। जांचोपरांत जिन लोगों के द्वारा कोयले की तस्करी की जा रही थी उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।