असर्फी अस्पताल में डाॅक्टर काे जड़ा थप्पड़, मामला दर्ज
सीसीटीवी फुटेज में अस्पताल में हंगामा करते दिखे परिजन।
धनबाद | इलाज के लिए भर्ती मरीज के परिजनाें ने मंगलवार की रात असर्फी अस्पताल में हंगामा किया। परिजनाें ने डाॅ. एसके राय के साथ मारपीट की। अस्पताल प्रबंधन इसे लेकर मामला दर्ज कराया है। प्रबंधन ने पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को बताया है कि सड़क दुर्घटना में घायल जयप्रकाश नगर गली नंबर अाठ निवासी 72 वर्षीय हरी नारायण सिंह को 8 मार्च काे शाम 7:15 बजे भर्ती कराया गया। भर्ती हाेते समय उन्हाेंने इलाज के लिए 15 हजार रुपए जमा कराया। इसी दाैरान न्यूराे सर्जन डाॅ. राजेश सिंह काे बुलाया गया। उन्हाेंने मरीज काे देखने के बाद उनके परिजनाें काे बताया कि न्यूराे का केस नहीं है। इन्हें छाती के डाॅक्टर की जरूरत है। यह सुनते ही उनके परिजनाें ने कहा कि उन्हें छाेड़ दिया जाए। हाॅस्पिटल में उपचार के दाैरान खर्च हुए 11990 रुपए का बिल देने पर परिजन भड़क गए। रिश्तेदाराें ने डाॅ. एसके राय के साथ धक्का-मुक्की करते हुए काॅलर पकड़ लिया अाैर थप्पड़ जड़ दिए। इलाज का खर्च भी जमा नहीं कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।