पैक्सों को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र बनने व उसकी रेटिंग में सुधार लाने पर जोर
धनबाद | पैक्सों के व्यवसाय संवर्द्धन तथा पैक्सों को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र में विकसित करने के लिए नाबार्ड की ओर से दि धनबाद केंद्रीय सहकारी बैंक लि के सभागार में एक-दिवसीय कार्यशाला हुई। इसका उद्घाटन सुरेश चौधरी, अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक ने किया। कार्यशाला में डीडीएम नाबार्ड ने पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन से पैक्सों के लिए नाबार्ड द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पैक्सों को अपनी कार्य-प्रणाली व प्रबंधन में सुधार लाने, पैक्सों को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र बनने व पैक्सों की रेटिंग में सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने नाबार्ड द्वारा सहकारी बैंक के माध्यम से पैक्सों को मिलने वाली विभिन्न वित्तीय सहायता तथा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पैक्स सहकारी बैंक, राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न संस्थाओं तथा नाबार्ड के सहयोग से विभिन्न प्रकार के काम कर सकते हैं। जिला अंकेक्षण पदाधिकारी ने बताया कि पैक्स विभिन्न व्यवसायाें व अन्य मदों में अच्छा प्रदर्शन करके अपनी रेटिंग में सुधार कर सकते हैं। माैके पर खेदन महतो, अफ्रेम जॉर्ज कुजूर सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।