ढुल्लू की अग्रिम जमानत पर सुनवाईबाघमारा पुलिस से केस डायरी मांगी
जबरन पे-लोडर ले जाने और पिस्टल तान देने के मामले में आरोपी ढुल्लू महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर प्रधान जिला जज बसंत कुमार गोस्वामी की अदालत में शुक्रवार को सुनवाई हुई। अदालत ने अभियोजन पक्ष से केस डायरी उपलब्ध कराने को कहा। सुनवाई के लिए अगली तिथि 21 मार्च निर्धारित की है। इस मामले में किरण महतो ने 15 फरवरी 2020 को बाघमारा थाना में ढुल्लू महतो के समर्थक केदार यादव, सोनू शर्मा, राजू शर्मा, बॉबी खान, रियाज अंसारी और आजाद खान के खिलाफ मारपीट करने, पिस्तौल तान देने का आरोप लगाया था। पुलिस जांच में ढुल्लू का नाम आया था।
ढुल्लू की जमानत पर 16 को होगी सुनवाई
जमीन हड़पने के केस में आरोपी ढुल्लू महतो की अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होगी। ढुल्लू की ओर से 12 मार्च को प्रधान जिला जज की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका फाइल की गई थी। प्रधान जिला जज बसंत कुमार गोस्वामी ने उक्त याचिका को एडीजे 6 की अदालत में स्थानांतरित कर दिया है। बाघमारा के पूर्व विधायक ओपी लाला के भतीजे राजीव कुमार श्रीवास्तव ने 2 मार्च 2020 को बरोरा थाना में ढुल्लू महतो और सुभाष सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
वारंटी छुड़ाने के केस में ढुल्लू की क्रिमिनल अपील पर बहस 31 को
वारंट राजेश गुप्ता को पुलिस हिरासत से छुड़ाने और सरकारी काम में बाधा डालने के केस में सजायाफ्ता विधायक ढुल्लू की क्रिमिनल अपील पर शुक्रवार को बहस नहीं हुई। अदालत ने बहस के लिए अगली तिथि 31 मार्च मुकर्रर की। एडीजे 14 आलोक कुमार दुबे की कोर्ट में ढुल्लू महतो का क्रिमिनल अपील पर बहस पर सुनवाई लंबित है।
विधायक ढुल्लू के समर्थकों द्वारा कब्जा की गई जमीन पर रैयत ने चलाया ट्रैक्टर
बाघमारा| दरीदा बस्ती निवासी नंदलाल ने दरीदा मौजा के सिंदवारटांड़ में विधायक व समर्थकों द्वारा कब्जा की गई जमीन पर शुक्रवार को ट्रैक्टर चलाया। मामले की जांच करने आए बाघमारा डीएसपी नितीन ने रैयतों को जमीन पर कब्जा करने को कहा था। डीएसपी के आश्वासन के बाद रैयत अपनी जमीन को लेकर अागे अाए हैं। इधर, बरोरा पुलिस ने इस मामले में नोटिस लेकर ढुल्लू के चिटाही स्थित आवास पहुंची। यहां से पुलिस को बगल स्थित कार्यालय में भेजा गया। वहां किसी ने नोटिस नहीं लिया।