टुंडी में हाथियों के झुंड ने फसलों को पहुंचाया नुकसान
हाथियों का झुंड एक बार फिर बुधवार की रात टुंडी पहाड़ से उतर कर गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने राजाबांध के पास लगी गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचाया। हालांकि वहां खेतों की रखवाली कर रहे किसानों ने किसी तरह हाथी के झुंड को खदेड़ कर पहाड़ पर चढ़ाया, लेकिन इस क्रम में हाथियों का झुंड दो ग्रुप में बंट गए और एक ग्रुप तो पहाड़ चढ़ गए, लेकिन दूसरा ग्रुप आगे बढ़कर टुंडी मेन रोड पार करते हुए कमटी तालाब के पास स्थित गेहूं के खेतों के पास पहुंच गया और फसलों को नुकसान पहुंचाया। देर रात 3:00 बजे के आसपास ग्रामीणों ने इस बात की सूचना टुंडी वन विभाग को दी। तब मशालची ने जाकर हाथियों को भगाया। इधर कुछ दिनों से हाथी का झुंड लगातार किसानों के खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। फिलहाल नुकसान का आंकड़ा नहीं मिल पाया है। वन विभाग की टीम शुक्रवार को नुकसान हुए फसलाें का जायजा लेंगे।