लॉर्ड्स सीए ने सुरेश सीसी को 323 रनों से हराया
धनबाद। लॉड्र्स क्रिकेट अकादमी ने रामनाथ सिंह मेमोरियल अंतर कोचिंग कैंप अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में सुरेश क्रिकेट कोचिंग कैंप को 323 रनों से बुरी तरह हरा दिया। वहीं प्रभात स्टेडियम मुगमा में आरएनएसएमसीए ब्लू ने ग्रीन क्रिकेट कोचिंग कैंप को 113 और जगजीवन नगर मैदान में आइसीसीएस धनबाद ने भूली क्रिकेट अकादमी को 206 रनों के अंतर से बुरी तरह पीट दिया।
लोदना मैदान में आकाश कुम्हार (187 नाबाद, 95 गेंद, 33 चौके व एक छक्का) और अंकित कुमार (120 रन, 57 गेंद, 17 चौके व तीन छक्के) के शतकों की मदद से लॉड्र्स ने निर्धारित 34 ओवरों में चार विकेट पर 413 रनों का पहाड़ खड़ा कर लिया। कृष अग्रवाल ने 50 रन बनाए। जवाबी पारी में सुरेश कोचिंग कैंप की टीम 26.4 ओवरों में 90 रनों पर आउट हो गई। अनुराग कुमार ने 16, आयुष कुमार ने नाबाद 17 रन बनाए। सुशांत कुमार ने 11 पर चार और आयुष गुप्ता ने 15 पर दो विकेट लिए।
जगजीवननगर में आइसीसीएस ने 30 ओवरों में आठ विकेट पर 251 रन बनाए। राजदीप महतो ने 80, आशीष कुमार ने 35 और निखिल झा ने नाबाद 41 रन बनाए। भूली क्रिकेट अकादमी के हिमांशु शेखर सिंह ने 41 पर चार विकेट चटकाए। बाद में भूली की पारी 12.5 ओवर में 45 रनों पर समेट मैच 206 रनों से जीत लिया। आशीष कुमार ने एक पर चार और कुणाल पासवान ने छह पर तीन विकेट लिए।
वहीं प्रभात स्टेडियम में आरएनएसएमसीए ब्लू ने ग्रीन क्रिकेट कोचिंग कैंप के खिलाफ 40 ओवर में नौ विकेट पर 210 रन बनाए। राजा कुमार ने 104 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। ग्रीन के युवराज दुबे और कुमार श्रेष्ठ ने दो-दो विकेट लिए। बाद में ग्रीन की पूरी टीम 28.1 ओवर में 92 रनों पर आउट हो गई और आरएनएसएमसीए ब्लू ने 113 रनों से जीत दर्ज की। ग्रीन के सिद्धार्थ सिन्हा ने 20 और आदित्य कुमार ने 19 रन बनाए। सौम्या राज ने 16 पर तीन, राजा कुमार ने 23 पर दो और सन्नी सामद ने 37 पर दो विकेट लिए।