मारवाड़ी सम्मेलन का अधिवेशन कल से रांची के मारवाड़ी भवन में
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सातवें अधिवेशन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल पद्भार ग्रहण करेंगे। दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन 14 और 15 मार्च को सीताराम रूंगटा नगर मारवाड़ी भवन में होगा। सम्मेलन के जिलाध्यक्ष रवि शर्मा ने गुरुवार को यह जानकारी प्रेस काॅन्फ्रेंस में दी। बताया कि अधिवेशन के आयोजन के लिए पूर्व सांसद अजय मारू स्वागताध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। उनकी अगुवाई में 125 सदस्यों की स्वागत समिति गठित की गई है। इस अवसर पर स्मारिका नई दिशा-2020 का विमोचन भी होगा। स्वागताध्यक्ष अजय मारू ने कहा कि संगठन किसी भी समाज की पहली जरूरत है। मारवाड़ी समाज के लिए तो इसकी जरूरत और भी अधिक है। अब मारवाड़ी समाज व्यवसाइयों का समूह मात्र नहीं रह गया है, बल्कि राष्ट्र के सभी अंगों में समाज का प्रतिनिधित्व है। कुछ क्षेत्रों में भले ही हमारा प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम है, अधिवेशन के माध्यम से उस दिशा में ध्यान दिया जाएगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि सम्मेलन एक वैचारिक संस्था हैं। वैचारिक परिवर्तनों के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों, बुराइयों, ख़ामियों को दूर करना सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है। पर्दाप्रथा, दिखावे और आडंबरों के विरुद्ध समाज का जनमत तैयार करना और साहित्य, संस्कृति, विज्ञान के क्षेत्र में उभरती नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, मेधावी और जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहयोग प्रदान करना सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया ने बताया कि मारवाड़ी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक अाैर सांस्कृतिक विकास के लिए अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन की स्थापना 25 दिसंबर 1935 को कोलकाता में की गई थी। वर्ष 2001 में झारखंड में प्रांतीय सम्मेलन की स्थापना हुई। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य म्हारो लक्ष्य राष्ट्र री प्रगति। नवमनोनित प्रांतीय महामंत्री पवन शर्मा ने बताया कि 14 मार्च को शाम 4 बजे प्रांतीय समिति की बैठक और 6 बजे विषय निर्वाचनी समिति की बैठक होगी। रात 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। अगले दिन 15 मार्च को सुबह 10 बजे झंडोतोलन, 11 बजे उद्घाटन सत्र और दोपहर 2.30 बजे खुला सत्र होगा। समाज के सभी सदस्यों से अाग्रह है कि सपरिवार अधिवेशन में सहभागिता निभाएं। स्वागत मंत्री प्रवीण जैन छाबड़ा ने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष निर्मल काबरा झंडोत्ताेलन करेंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सर्राफ होंगे। समापन सत्र में मुख्य अतिथि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया होंगे। प्रेस काॅन्फ्रेंस में प्रवक्ता अमित शर्मा आदि थे