नया बाजार में तीन माह से जलापूर्ति बाधित संकट झेल रहे लाेग मेयर के पास पहुंचे
शहर से सटे नया बाजार गद्दी मुहल्ला के लाेग गंभीर पेयजल संकट से जुझ रहे हैं। यहां रहने वाले लाेगाें काे पिछले तीन माह से पानी नहीं मिल रहा है। सप्लाई पानी इनके घराें तक नहीं पहुंच पा रहा है। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से लाेगाें ने कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक स्थिति में काेई सुधार नहीं हुअा है। गद्दी मुहल्ला में अाठ दिन में एक दिन पानी अा रहा है अाैर वह भी पांच से दस मिनट ही चलता है। तीन माह से जल संकट झेल रहे नया बाजार के लाेगाें ने शुक्रवार काे मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल से मुलाकात की अाैर अपनी समस्याअाें काे रखते हुए इसे दूर करने का गुहार लगाई। मेयर ने लाेगाें की समस्याअाें काे गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुख्य अभियंता काे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात कर इस समस्या काे दूर करने काे कहा। मेयर के निर्देश पर मुख्य अभियंता ने विभाग के कार्यपालक अभियंता से बात की अाैर इस समस्या काे दूर करने के लिए ठाेस कदम उठाने का निर्देश दिया।
पुराना पाइप हो गया है जर्जर
मेयर से मिलने अाए लाेगाें ने बताया कि नया बाजार इलाके में दाे पाइप गया है। एक पुराना पाइप जाे 30 से 40 साल पहले बिछाया गया था, वह काफी जर्जर हाे चुका है। अधिकांश घराें का कनेक्शन उसी पाइप से जुड़ा हुअा है। जबकि नया पाइप कुछ वर्ष पूर्व बिछाया गया है। नए पाइप में नियमित पानी अा रहा है। पुराने पाइप काे भी अगर नए पाइप में जाेड़ दिया जाएगा ताे समस्या समाप्त हाे जाएगी। लाेगाें ने बताया कि वे सभी नगर निगम अाने से पहले पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय गए थे, जहां उन्हें बताया गया कि फंड की कमी के कारण पाइप काे बदला नहीं जा सकता। विभाग से मेयर के पास जाने अाैर पैसा मांगने काे कहा गया। मेयर ने लाेगाें काे जल्द समस्या दूर कराने का अाश्वासन दिए।