जिस पर ढुल्लू ने रंगदारी मांगने का किया था केस, उनकी ड्रील मशीन आउटसोर्सिंग में मिली
आरोपी के निशानदेही पर भारी वाहनाें की तलाश करती पुलिस।
बाघमारा | मुजफ्फरपुर के जिस इरशाद पर बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो ने पांच करोड़ की रंगदारी मांगने का केस किया था, उसी इरशाद की पीसी ड्रील मशीन और दो वॉल्वो को एक आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यस्थल से बरामद कर लिया। इरशाद की शिकायत पर डीएसपी नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में पुलिस ने ब्लॉक दो क्षेत्र की जमुनिया आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यस्थल में रविवार को छापेमारी कर सीपीएस 450 एचपी कंप्रेशर मशीन के साथ पीसी ड्रील मशीन को ढूंढ निकाला। साथ ही 890323 एवं 890221 नंबर की दो वॉल्वो वाहन की भी पहचान की गई, लेकिन सत्यापन नहीं हो पाया। डीएसपी ने बताया कि इरशाद मामले में मंदरा से सिकंदर तथा बाघमारा बाजार से राजू नामक विधायक समर्थक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। उनकी निशानदेही पर ब्लॉक दो क्षेत्र में छापेमारी की गई। संबंधित वाहनों को चिह्नित किया जा चुका है। कोलकाता की श्रेया नामक फाइनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा रहा है। विदित हो कि ढुल्लू की शिकायत पर मुजफ्फरपुर के कुढ़नी निवासी कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाने वाले इरशाद को बरोरा पुलिस ने 24 दिसंबर 2019 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद इरशाद ने पुलिस को ढुल्लू पर वाहनों को रखने तथा 40 लाख रुपए भी ले लेने का आरोप लगाया था।
डोमन महतो के आवास से हटी पुलिस सुरक्षा: विधायक ढुल्लू महतो सहित अन्य के खिलाफ जमीन कब्जा, मारपीट करने सहित अन्य आरोप लगाने वाले वादी डोमन महतो की सुरक्षा में तैनात दो बॉडीगार्ड सहित 15 जवानों को रविवार को वापस बुला लिया गया।