कोयला भट्ठा में पुलिस की छापेमारी एक ट्रक व 20 टन कोयला जब्त
निरसा थाना क्षेत्र के बरईगढ़ा स्थित नाज कोयला भट्ठा में सोमवार को धनबाद एसएसपी द्वारा गठित एसओजी टीम ने छापेमारी कर 20 टन कोयला सहित एक ट्रक जब्त किया। एसओजी टीम की छापेमारी होते ही कोयला चोर व मजदूर भट्ठा से भागने में सफल रहे। छापेमारी के बाद एसओजी टीम ने जब्त ट्रक व कोयला को निरसा पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में निरसा पुलिस भट्ठा मालिक रुस्तम अंसारी व संचालक ईसाक अंसारी पर कोयला चोरों का नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। बताया जा रहा है कि धनबाद एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि नाज कोयला भट्ठे में धड़ल्ले से चोरी का कोयला खपाया जा रहा है। सूचना के आलोक में एसओजी टीम गठित कर छापेमारी करवाई तो भट्ठा से ट्रक संख्या-सीजी-15डीएन-4630 व 20 टन कोयला जब्त हुआ। एसओजी टीम की छापेमारी से कोयला चोरों में हड़कंप है। बता दें कि इलाके में कोयला चोरी थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद कोयला चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है।