ट्रैक्टर पलटा, इंजन से दबकर मजदूर की मौत
मनियाडीह थाना अंतर्गत प्रतापपुर चरक जाताखूंटी मुख्य पथ पर चरक मोड़ के पास शुक्रवार की रात लगभग 8:00 बजे तीखे मोड़ में एक ट्रैक्टर के पलट जाने से ट्रैक्टर के इंजन से दबकर बालू लोडर मजदूर की मौत हो गई। मृतक बालू लोडर मजदूर 20 वर्षीय टुनटुन मोहली चरक डोंगाबेड़ा निवासी जाते मोहली का पुत्र बताया जाता है। दुर्घटना के संबंध में बताया जाता है कि उक्त ट्रैक्टर द्वारा बालू परिवहन का काम किया जाता था। अधिक ट्रिप लगाने के चक्कर में स्टॉक में बालू अनलोड कर तेजी से बालू घाट की ओर जा रहा था। इसी क्रम में उक्त घटना घटी। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे टुनटुन को निकालने का प्रयास किया, लेकिन नहीं निकाला जा सका। बाद में जेसीबी को बुलाकर ट्रैक्टर को उठाया। इसके बाद नीचे दबे टुनटुन को निकाला जा सका।
घटना के बाद पलटे ट्रैक्टर को उठाने की कोशिश करते लोग।