कुस्ताैर में 12 दिनों से है जल संकट, लाेग परेशान
केंदुआ क्षेत्र के कुस्तौर इलाके में पिछले 12 दिनों से पेयजलापूर्ति ठप रहने से परेशान जनता ने कुसुंडा माडा के एसडीओ पंकज झा का घेराव कर समस्या का शीघ्र निदान करने का मांग किया। ताकि पानी के लिए त्राहिमाम कर रही कुस्तौर की लगभग 20 हजार की आबादी को राहत मिल सके। घेराव करने वाले कुस्तौर के बालेन्द्र कुमार, अभिनंदन, दीपक कुमार, दिलीप सिंह ने बताया कि गनसाडीह में पाइपलाइन में हुई गड़बड़ी को ठीक करने के दौरान कुस्तौर जाने वाली चार इंच की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। होली जैसे पर्व में भी एक बड़ी आबादी पेयजल संकट से जूझती रही। कुसुंडा झमाडा के एसडीओ पंकज झा ने बताया कि कई क्षेत्रों में जलापूर्ति सामान्य नही हो पा रही है। जिसका मुख्य कारण बिजली है। बिजली के बाधित रहने से पेयजलापूर्ति पर भी असर पड़ता है। कुस्तौर कि समस्या का समाधान शीघ्र किया जाएगा। इधर, पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग दूर-दराज से पानी लाकर अपना काम चला रहे हैं। बस्ती वालों ने कहा कि अगर पानी की समस्या इसी तरह बरकरार रही, तो लोग आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे।