गढ़वा-शाहपुर रोड में कार बस में टक्कर, तीन घायल
गढ़वा-शाहपुर मार्ग में सदर थाना क्षेत्र अन्तर्गत हरैया नहर के निकट शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे, गढ़वा से मेदिनीनगर जा रही आरके बस तथा मेदिनीनगर से गढ़वा की ओर आ रही डस्टर कार के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस घटना में कार में सवार कृषि महाविद्यालय, गढ़वा के प्राचार्य डा. सुधीर सिंह, असिस्टेंट डा. एसके पाल तथा बस का एक यात्री सदर थाना क्षेत्र के महुलिया निवासी मंगल पासवान घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच चिकित्सक ने डा. सुधीर सिंह तथा डा. एसके पाल की स्थिति गंभीर देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया है। जबकि मंगल पासवान का इलाज सदर अस्पताल में ही चल रहा है।
वार्ड सदस्य घायल
मझिआंव | नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 के वार्ड सदस्य विवेक सोनी दुर्घटना में घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार विवेक सोनी उत्तर प्रदेश के दुद्धी नगर अपने ससुराल गए हुए थे । वहीं से अपने साला के एक बारात समारोह में डाल्टनगंज के पोखराही बरात में शामिल होकर वापस दूधीनगर जा रहे थे। लौटने के दौरान जब गाड़ी हनुमंता घाट पहुंची उसी समय ड्राइवर को अचानक नींद लगने से कार पेड़ में टकरा गई। जिससे विवेक सोनी वार्ड पार्षद का दाहिना पैर टूट गया है।