बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसल
बेमौसम बरसात प्रखंड के बम्बा बरडीहा सहित कई ग्रामों के किसानों के ऊपर आफत बनकर बरस पड़ी। गुरुवार की शाम तेज आंधी तूफान एवं ओलावृष्टि ने किसानों को बर्बाद कर दिया। खेतों में लगे सरसों, गेहूं, चना, अरहर, प्याज सहित कई फसलाें को पूरी तरह चौपट कर दिया। वहीं मवेशियों के लिए हरा चारा भी नष्ट हो गया है। शुक्रवार को सुबह होते ही किसान अपने-अपने खेताें काे देखने निकल पड़े। कोई खेतों से पानी निकालने की जुगाड़ कर रहा था तो कोई बैठकर आंसू बहा रहा था। किसानों ने बताया कि कुदरत का यह मार शायद हम लोगों ने कभी नहीं देखी होगी। किसान समशीर अंसारी, मकबूल अहमद, अमीर हसन अंसारी, असलम आजाद, नेयामत हुसैन, रामचन्द्र राम, शमीम अख्तर ने बताया कि हम लोगों का चना, प्याज, सरसो, अरहर, महुआ, गेहूं सहित ओलावृष्टि से फसलों का काफी नुकसान हुआ है किसानों ने बताया कि हम लोगों के द्वारा सब्जी में टमाटर बैंगन सहित कई प्रकार की सब्जियां भी लगाया गया था। मगर ओलावृष्टि होने से भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने कहा कि हम सभी लोग खेती पर आत्मनिर्भर रहते हैं लेकिन इस ओलावृष्टि होने के कारण हम लोगों का सभी प्रकार की खेती नष्ट हो चुकी है। साथ ही मवेशियों का चारा भी ओलावृष्टि पड़ने से काफी हद तक नष्ट हो गया है। उन्होंने बताया कि बागवानी में लगे आम पपीता काे भी काफी नुकसान हुआ है। किसान राहत हुसैन ने बताया कि ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी गेहूं की फसलें चटाई की तरह बिखर गई हैं। तेज आंधी-बरसात से गेहूं में लगी बाली टूट कर जमीन पर बिखर गई है, यही हाल सरसों का भी है। ऐसे में किसान पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं।