मारपीट में मौत के मामले में सात पर हत्या की प्राथमिकी
थाना क्षेत्र के चितविश्राम गांव निवासी दिलीप कुमार गुप्ता ने थाने में आवेदन देकर गांव के ही सात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस दिलीप के आवेदन के आलोक में रामदेव साह, अंगद साह, उपेंद्र साह, राजकुमार साह, झुन्ना देवी पति रामदेव साह, प्रभा देवी पति उपेंद्र साह व ममिता देवी पति राजकुमार साह के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है।
पुलिस को दिए आवेदन में दिलीप ने लिखा है कि 10 मार्च को होली के दिन मेरे घर मेहमान आए थे। रात में एक मेहमान बाहर निकल कर लघुशंका कर रहे थे, तभी हमारे गोतिया रामदेव साह आए और बोले कि तुम हमारे खेत में लघुशंका क्यों कर रहे हो। हल्ला सुनकर हम लोग बाहर निकले और उनसे माफी मांगे। पर रामदेव नहीं माने और अपने घर वालों को बुलाकर हम लोगों पर लाठी-डंडा, ईंट, भाला, गड़ासा आदि से जानलेवा हमला कर दिए।
इस हमला में मेरे बाबा पच्चू साह, पिता देव कुमार साह व मां घायल हो गए। घायलों को लेकर तत्काल थाना आया। थाना से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद देव कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया। गढ़वा में इलाज के बाद डाल्टनगंज जाने के क्रम में रास्ते में देव कुमार ने दम तोड़ दिया।