डाॅक्टराें के हित में कानून बने : डॉ. पांडेय
चिकित्सकों के संगठन नेशनल इंट्रीगेटेड मेडिकल एसोसिएशन एनआईएमए के पदाधिकारी एवं सदस्यों की बैठक गुरुवार को हुई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव डा. यूएस पांडेय उपस्थित थे। उन्होंने जिले के चिकित्सकों के साथ उनकी समस्याओं को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की। इस अवसर पर डा. पांडेय ने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार चिकित्सकों के हित को देखते हुए कानून बनाए। ताकि चिकित्सकों को सेवा के क्रम में होने वाली विभिन्न समस्याओं से मुक्ति मिल सके। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द नेशनल मेडिकल कमीशन बिल एनएमसी बिल व नेशनल कमीशन इंडियन सिस्टम बिल एनसीआईएसएम बिल की विस्तृत जानकारी देते हुए झारखंड सरकार से भी चिकित्सकों के हित में बिल बनाने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से नेग्लिजेंस बोर्ड में एनआईएमए के सदस्यों को शामिल करने की मांग की। बैठक में एनआईएमए के डा. संजय कुमार, डा. कुमुद, डा. वीरेंद्र, डा. पातंजलि केशरी, डा. आशीष कुमार, डा. दीपक पांडेय, डा. राकेश, डा. अभिनीत, डा. कुलदेव चौधरी, डा. एलएम मिश्रा, डा. बीके धर दुबे समेत कई चिकित्सक उपस्थित थे।
बैठक में शामिल एनआईएमए के पदाधिकारी।