- Hindi News
- National
- Bhawnathpur News Majduraan Works For One Hour In The Raeka Administrative Building To Open The Closed Mine Of The Cell
सेल की बंद खदान खाेलने के लिए मजदूराें ने एक घंटे राेका प्रशासनिक भवन का कामकाज
एटक, इंटक, पलामू खान मजदूर संघ यूनियन के बैनर तले हुआ आंदोलन
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एटक, इंटक, पलामू खान मजदूर संघ यूनियन के बैनर तले मजदूराें ने एक घंटे तक सेल के प्रशासनिक भवन का काम बाधित करते हुए अधिकारियों को गेट के बाहर घेरे रखा।
मौके पर पहुंचे भवनाथपुर थाना प्रभारी सीवी सिंह, सीआईएसएफ के एसी एसके सिंह की उपस्थिति में पहुंचे जीएम एसके सिंह ने मजदूर नेताओं व मजदूरों ये कहा कि सेल प्रबंधन बन्द खदान को खोलने के लिए लगातार सरकार व न्यायालय के सम्पर्क में है। उन्होंने कहा कि गेट जाम करने से आपका ही काम बाधित होगा, इसलिये कि खदान से संबंधित पेपर की मांग हेड कार्यालय कोलकाता व रांची भेजनी पड़ती है। जीएम ने मजदूर नेताओं से सरकार का सहयोग करने की अपील की अाैर कहा कि आप शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखें हम आपके साथ हैं।
जीएम से वार्ता के बाद शांत हुए मजदूर
ई-सी प्रमाण पत्र के कारण बंद पड़ी है तुलसीदामर खदान की ढुलाई, 31 को लीज भी खत्म हो रही
16 फरवरी से बंद है खदान का काम : बताते चलें कि पिछले 16 फरवरी से सेल का तुलसी दामर डोलोमाइट खदान ई सी प्रमाण पत्र के बिना ढुलाई कार्य बंद है, जबकि 31 मार्च को खदान का लीज भी समाप्त हो रहा है। जिसको लेकर सेल ने राज्य सरकार से खदान के लीज के लिए अप्लाई किया है । बन्द खदान को चालू करने के लिए यूनियन के लाेग संयुक्त रूप से पिछले 26 फरवरी से सेल के प्रशासनिक भवन पर आंदोलनरत थे। बीते 8 फरवरी को जीएम के मौखिक अाश्वासन पर होली पर्व के लिए स्थगित करते हुए 12 मार्च से सेल के प्रशासनिक भवन पर घेराव का अल्टीमेटम यूनियन ने दिया था और 12मार्च को निर्धारित कार्यक्रम के तहत एक बजे से सेल के प्रशासनिक भवन का गेट आक्रोशपूर्ण नारे बाजी करते हुए जाम कर दिया। इस दाैरान अधिकारियों को कार्यालय में जाने से रोक दिया जिसमें खान प्रबन्धक बी पाणिग्रही, पर्सनल के राजेश कुमार, अरुण शुक्ला चार बजे तक गेट के बाहर गाड़ी से उतर कर खड़े रहे।
मजदूरों द्वारा सेल के प्रशासनिक भवन को जाम किए जाने की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ के ऐसी व ढाई दर्जन जवान भवनाथपुर थाना के थाना प्रभार पुलिस बल के साथ पहुंचे। इधर जीएम से वार्ता के बाद मजदूर शांत हुए व चार बजे सभी अधिकारी कार्यालय में गए। जीएम के अाश्वासन पर मजदूर नेता व यूनियन ने शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया है। इस अवसर पर एटक के गणेश सिंह, इंटक के पीके चौबे, पलामू खान मजदूर संघ के जीवधन साव, समाज सेवी सह विधायक प्रत्याशी शंकर प्रिय राम, मजदूर नेता गोपाल यादव, विजय सिंह, गंगा राम, वीरेंद्र राम, कन्हाई पासवान, भोला पासवान, अनुरुद्ध यादव, इशहाक मियां सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित थे।
भवनाथपुर में सेल की बंद खदान खोलने की मांग पर धरना पर बैठे मज़दूर।