अभिभावकांे ने खोला आंगनबाड़ी का ताला
बंशीधर नगर| प्रशासन की सक्रियता के बाद 13 मार्च को प्रखण्ड के सलसलादी ग्राम के दामर टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का ताला 10 बजे पूर्वाह्न में जोखन पटेल व रविन्द्र चौधरी के अभिभावकों द्वारा खोल दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्र का ताला खुल जाने के बाद विगत छह माह से चल रहा विवाद समाप्त हो गया। ज्ञात हो कि गांव के ही जोखन पटेल व रविन्द्र चौधरी ने अपनी भूमि पर आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाने की बात करते हुए इसमें ताला बंद कर दिया था। ताला बंद होने के बाद से ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्र का ताला खुलवाने के लिए पदाधिकारियों को आवेदन देकर काफी प्रयास कर रहे थे। गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा आंगनबाड़ी केंद्र में ताला बंद करने वाले उक्त दोनों के अभिभावकों को शुक्रवार को 11 बजे तक केंद्र का ताला नहीं खोलने पर कार्रवाई करने की बात कही। जोखन पटेल व रविन्द्र चौधरी के अभिभावकों ने शुक्रवार को 10 बजे आंगनबाड़ी केंद्र का ताला खोल दिया। ताला खुलने के बाद सीडीपीओ रीना साहू ने मौके पर पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्र में अपना ताला लगाया और सेविका को चाबी सौंपते हुए उक्त भवन में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित करने का निर्देश दिया।