पोषण पखवाड़ा के तहत कई प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित
पोषण पखवाड़ा के तहत बुधवार को विभिन्न प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत पोषण शपथ एवं रैली का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से लोगों को पोषण के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। साथ ही सही पोषण देश रौशन का नारा लगाया गया। इस अवसर पर सखी मंडल से जुड़ी महिलाओं ने बच्चों के बीच हाथ धुलाई जागरूकता कार्यक्रम चलाया। इस दौरान बच्चों एवं ग्रामीण महिलाओं को हाथ धुलाई के सही तरीके से अवगत कराया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पोषण के पांच सूत्र से भी अवगत कराया गया तथा लोगों में इसके प्रति जागरूकता लाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर गभर्वती महिलाओं, धातृ महिलाओं एवं बच्चों को पोषण के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया तथा भोजन में पोषक तत्व का समावेश करने की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें विभिन्न पदार्थों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। मालूम हो कि विगत 8 मार्च को समाहरणालय परिसर से पोषण पखवाड़ा की शुरूआत की गई है। इसके तहत पोषण जागरूकता रथ को रवाना किया गया है। जिसके माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।