गवाही देने गढ़वा आए सब-इंस्पेक्टर की मौत
हजारीबाग में तैनात सब इंस्पेक्टर जुलियन समीर बाखला 56 वर्ष की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। गुरुवार की सुबह उनका शव चिनियां मोड़ स्थित एक झोपड़ीनुमा होटल के समीप मिला। जानकारी के अनुसार जुलियन समीर बाखला मूल रुप से गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के बहेरा टोली गांव के रहने वाले थे। फिलवक्त उनका परिवार पूर्वी सिंहभूम जिले के देवधर टोला मतडीह, जमशेदपुर में रहता है। पुलिस मेंस एसोसिएशन के गढ़वा के अध्यक्ष रवि कुशवाहा ने बताया कि पूर्व में वह गढ़वा में पदस्थापित थे तथा एक मामले में न्यायालय में गवाही देने के लिए हजारीबाग से गढ़वा आए थे। बताया जाता है कि बुधवार की रात चिनियां मोड़ स्थित एक झोपड़ीनुमा होटल में गिरने से उनकी मौत हो गई। रातभर उसी अवस्था में उनका शव पड़ा रहा। गुरुवार की सुबह में किसी की नजर उन पर पड़ी तो उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने जुलियन समीर बाखला के शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।