नदियों में आया पानी, रमना में कई घरों में घुसा पानी
रमना | प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश से प्रखंड के भैसवान, बांकी, कजरी व यूरिया नदी जो सूख चुकी थी उसमे बहाव शुरू हो गया। जबकि नवका, बुढ़वा, गोविद व जिरुआ बांध में भी पानी बढ़ गया है। गलियों में जलजमाव हो गया है। लगातार हो रही बारिश देख कर ऐसा लग रहा है कि चैत का महीना में ही सावन भादो की स्थिति हो गई है। पिछले 48 घंटे से अधिक समय से रुक रुक कर बारिश हो रही है। तीन दिनों से भगवान भास्कर का दर्शन नहीं हुआ है। जिससे लोगों के कपड़े तक नहीं सूख पाए हैं। शनिवार को 50 मिलीमीटर वर्षापात दर्ज किया गया हैं। दो दिनों दिनों में 105 मिलीमीटर वर्षापात दर्ज किया गया है जो मार्च के महीना में अभी तक का सर्वाधिक वर्षापात है । बारिश के कारण लोग कहीं आने जाने से भी कतरा रहे है। प्रत्येक माह हो रही बारिश से सब लोग उब चुके हैं। लोग अब बारिश बंद होने के इंतजार में है।