- Hindi News
- National
- Garhwa News Women Empowerment Necessary For Strengthening Social Foundation Secretary
सामाजिक नींव की मजबूती के लिए महिला सशक्तीकरण जरूरी: सचिव
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगेश्वर मणि के निर्देशन में न्यायिक दंडाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा के प्रभारी सचिव हसमुद्दीन वारिस की अगुवाई में सदर प्रखंड गढ़वा के चिरौंजिया के पंचायत भवन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम सह विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव वारिस ने कहा कि हमारा संविधान किसी प्रकार का विभेद नहीं करता,कानून में सभी को समानता का अधिकार है, सिर्फ जरूरत है अपने अधिकारों को जानने व उस पर चलने की। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि समाज के मजबूत नींव के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण आवश्यक है। इसके लिए सभी को बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। एक महिला ही एक मां के रूप में एक व्यक्ति की प्रथम गुरु होती है और एक एक व्यक्ति से ही एक समाज बनता है। महिलाएं जब तक अपने हक व अधिकार को नहीं जानेगी हम बेहतर समाज का निर्माण करने में सक्षम नहीं हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि बेटा और बेटियों में विभेद बंद हो, भ्रूण हत्या रोकी जाए, बेटियों को शिक्षित किया जाए, दहेज के लिए बेटियों की बलि रुके, महिलाओं पर आए दिन होने वाले हिंसक घटनाएं बंद हो, इसके लिए समाज के सभी वर्ग के लोगों को एक साथ मिलकर काम करना होगा। स्थाई लोक अदालत के सदस्य राकेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि एक मां ही अपने बच्चों की प्रथम गुरु होती है। उन्होंने कहा की सभी माताओं से निवेदन है की बेटे और बेटियों को एक समान महत्व दें । उन्होंने कहा की डायन प्रथा, दहेज प्रथा, महिला हिंसा में एक महिला के साथ ही प्रताड़ना होती है। दूसरी तरफ प्रताड़ना देने वालों में भी महिलाओं का नाम ही आता है तो इस बात को लेकर मुझे रोना आता है। उन्होंने कहा कि बेटी जब बेटी होती है तो बहू बेटी क्यों नहीं हो सकती इसके लिए भी सशक्तीकरण की आवश्यकता है। अधिवक्ता राकेश कुमार शुक्ला ने कहा कि भगवान भी वहीं निवास करते हैं जहां महिलाओं को सम्मान मिलता हो। उन्होंने कहा की गढ़वा जिले में भी अन्य राज्यों की भांति वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्था है जहां महिलाओं के लिए एक ही छत के नीचे चिकित्सीय सुविधा, पुलिस सहायता केंद्र, एवं निशुल्क कानूनी सहायता वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध है जो सदर अस्पताल गढ़वा में सखी मंडल द्वारा संचालित है कि व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि बिना जागरूकता के कुछ भी संभव नहीं है। कार्यक्रम को मुखिया प्रेमा देवी, पीएलबी मुरली श्याम तिवारी, कृष्णानंद दुबे ने भी संबोधित किया जबकि मौके पर सैकड़ों की संख्या में महिलाओं सहित पीएलवी राकेश कुमार चौधरी, सूर्य देव चौधरी, पंचायत सचिव विनोद कुमार, व्यवहार न्यायालय के कर्मचारी प्रमोद दुबे सहित काफी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग।