- Hindi News
- National
- Ghatsila News 65 To 500 Rupees Are Getting Demand For Single Layer Mask At Mask Medical Store
65 से लेकर 500 रुपए तक मिल रहे हैं मास्क मेडिकल स्टोर पर सिंगल लेयर मास्क की डिमांड
कोरोना वायरस का अनुमंडल के किसी भी अस्पताल में अभी तक एक भी मामला सामने नहीं आया है, लेकिन इसका खौफ अपना असर दिखाने लगा है। साथ ही इससे बचाव में इस्तेमाल आने वाली वस्तुओं की कालाबाजारी का बाजार तंत्र भी सक्रिय हो गया है। अचानक मास्क तथा सैनिटाइजर की मांग बढ़ गई है। सैनिटाइजर के प्रिंट दाम लिए जा रहे हैं, पर मास्क 65 से 500 रुपए तक बिक रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वेे क्या कर सकते हैं, जहां सेे ला रहे हैं वहां दाम ऊंचा गया है। वह कोलकाता अथवा जमशेदपुर से मंगवाते हैं। साधारण मास्क पहले 15 से 20 रुपए में मिलतेे थे। अब 65 रुपए में मिल रहा है। शहर के मेडिकल स्टोर पर सिंगल लेयर वाले मास्क की डिमांड ज्यादा है। अभिभावकों पर बच्चे मास्क खरीदने का दबाव बना रहे हैं। यही कारण है कि अभिभावक मजबूरी में मास्क खरीद रहे हैं। दूसरी ओर डबल और ट्रिपल लेयर वाले मास्क उपलब्ध ही नहीं हैं। जहां उपलब्ध है, वहां इसके दाम 500 रुपए लिए जा रहे हैं। स्टोर संचालकों का कहना है कि मास्क कंपनी से नहीं आ रहा है। इसलिए कालाबाजारी के मामले आ रहे हैं।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए आईसीसी ने बॉयोमैट्रिक्स हाजिरी पर लगाई रोक
कोरोना वायरस को लेकर भारत सरकार भी काफी सतर्क है। ताम्रनगरी में कोरोनावायरस के भय को देखते हुए बचाव के कई उपाय किए जा रहे हैं। साथ ही कोरोना वायरस से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा हैं। इसी क्रम में एचसीएल की मऊभंडार स्थित यूनिट इंडियन कॉपर कॉम्प्लेक्स (आईसीसी) में कोरोना वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस (हाजिरी) पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई हैं। अब कर्मी मैनुअल तरीके से हाजिरी बनाएंगे।
विकल्प : हाथ न मिलाएं, नमस्ते करें; साबुन-हैंडवॉश का करें इस्तेमाल
अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सकों का कहना है कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। अब तक हमारे यहां कोई भी मामला सामने नहीं आया है। इस वायरस से बचाव ही इसका इलाज है। अगर सैनिटाइजर नहीं है तो चिंता की जरूरत नहीं है। बाहर लोगों से मिलते वक्त हाथ न मिलाएं। इसके अलावा बाहर से घर आएं तो साबुन या हैंडवॉश से अपने हाथ धोएं। भीड़-भाड़ वाले इलाकों से बचें। यह वायरस हवा में ज्यादा देर जिंदा नहीं रहता है। इससे प्रभावित होने की आशंका तभी सबसे ज्यादा रहती है, जब कोई इससे पीड़ित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आता है। उन्होंने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ इस रोग का फैलाव भी रुक जाएगा।
डर और आपूर्ति की कमी से कालाबाजारी की शिकायत
कोरोना के डर से बढ़ेगी मुनाफाखोरी
अगर कोरोना वायरस को लेकर डर बढ़ता गया और इसके बचाव से जुड़ी चीजों की कमी हुई तो मुनाफाखोरी बढ़ेगी। जानकारों का कहना है कि ऐसी स्थिति में उपभोक्ता किसी भी कीमत पर यह चीजें लेना शुरू कर देगा। खासकर मास्क जैसी चीजों को इसकी बहुत ज्यादा संभावनाएं हैं।
सावधानी की तस्वीर : सड़क से अस्पताल तक मास्क लगाए दिख रहे लोग
सैनिटाइजर शहर में 25 एमएल का बोटल 33 से 40 रुपए, 50 एमएल 80 से 85, 200 एमएल 265 से 270 और 500 एमएल की एमआरपी 505 से 520 रुपए के बीच रहती है। अगर यह किसी दुकान पर इससे ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है तो इसकी शिकायत कर सकते हैं।
मास्क : सिंगल लेयर वाले मास्क की कीमत 15 रुपए है। इसे 65 में बेचा जा रहा है। डबल व ट्रिपल लेयर वाले मास्क 125 से 500 रुपए में मिलते हैं। हालांकि वर्तमान में इसकी कीमत 4 से 5 गुना ज्यादा चल रही है।
काेराेना वायरस के भय से मास्क पहन कर काम करते मेडिकल स्टोर का कर्मचारी।
मास्क दिखाता दुकानदार।