मुख्यमंत्री रघुवर दास के जोहार जन आशीर्वाद योजना को लेकर बहरागोड़ा में सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसडीओ अमर कुमार ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था का जाएजा लिया गया। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी कार्यक्रम की सफलता को लेकर रणनीति तय की गयी। कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के कोल्हान प्रभारी सह राज्यसभा सांसद समीर उरांव भी बहरागोड़ा पहुंचें तथा डा. दिनेशानंद गोस्वामी से मिलकर कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली।
जानकारी हो कि मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, चुनाव प्रभारी नंदकिशोर यादव कई भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरूवार को बहरागोड़ा पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा हेलीकॉप्टर से बहरागोड़ा वन विश्रामागार के समीप स्थित हेलीपैड पर सुबह करीब 10. 30 बजे उतरेंगे। यहां हेलीपैड बनाया गया है। यहां से सीधे बाय रोड बहरागोड़ा मिडिल स्कूल मैदान में पहुंचेंगे। यहां भव्य स्वागत होगा। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद यहां से जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ होगी। जोहार जन आशीर्वाद यात्रा बहरागोड़ा मिडिल स्कूल मैदान से शुभारंभ होकर बहरागोड़ा मुख्य बाजार पथ होते हुए माटिहाना चौक होकर मानुषमुड़िया पहुंचेगी। जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के आगे सैकड़ों की संख्या में बाइक जुलूस निकलेगी। भारी संख्या में कार्यकर्ता क्षेत्र के लोग इस जोहार जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। जगह-जगह रथ का स्वागत किया जाएगा।
यात्रा को लेकर बैनर, पोस्टर और तोरण द्वार से सजा शहर, 5 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम
जोहार जन आशीर्वाद यात्रा की सभा के लिए बनाया गया मंच।
सीएम के स्वागत के लिए बने हैं 7 तोरणद्वार
गुरुवार को बहरागोड़ा मिडिल स्कूल मैदान में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ कार्यक्रम सह जनसभा का आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी के अगुवाई में तैयारी पूरी कर ली गई है। पूरे बहरागोड़ा मुख्य बाजार को भगवा रंग से रंग दिया गया है। सात तोरण द्वार बनाए गए हैं। पूरे बाजार में भारतीय जनता पार्टी के झंडा पाट दिया गया है। बड़े-बड़े बैनर होर्डिंग से पीडब्ल्यूडी चौक से लेकर बहरागोड़ा मुख्य बाजार तक लगे हैं।
मानुषमुड़िया में सुबह 10.30 बजे से होगी सीएम की सभा
बहरागोड़ा |गुरुवार की सुबह 10:30 बजे मानुषमुड़िया मिडिल स्कूल मैदान में मुख्यमंत्री रघुवर दास की सभा होगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, झारखंड भाजपा विधानसभा प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंदकिशोर, संसद विद्युतवरण आदि मौजूद थे।
डाॅ. गोस्वामी ने दुकानदारों को आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने का दिया निमंत्रण
बहरागोड़ा|बुधवार की शाम भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बहरागोड़ा मुख्य बाजार में स्थित सभी दुकानों में गए। सभी दुकानदारों से गुरूवार को आयोजित होने वाले जोहार जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। डॉ गोस्वामी ने सभी दुकानदारों से आग्रह किया कि राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा एवं भाजपा के कई वरिष्ठ नेता सांसद विधायक शामिल होंगे। आप इस कार्यक्रम में आकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष बाप्तु साव, महामंत्री राजकुमार कर, जिला उपाध्यक्ष सुदीप पटनायक, प्रदेश कार्यसमिति समिति के सदस्य रंजीत बाला, भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए दुकानदारों से अपील करते डॉ गोस्वामी।
यात्रा को लेकर लगा बैनर।
जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर भाजपा ने की चर्चा
धालभूमगढ़ | बुधवार को वन विश्रामगार में भाजपा मंडल कमेटी की बैठक मंडल अध्यक्ष विश्वनाथ बेहरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक लक्ष्मण टुडू उपस्थित थे। मौके पर जन आशीर्वाद यात्रा को स्वागत को लेकर चर्चा की गई। धालभूमगढ़ दोपहर 1:05 में पहुंचने का समय निर्धारित है। यात्रा में मुख्यमंत्री रघुवर दास, कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा शामिल रहेंगे।
मुख्यमंत्री यात्रा में तीन विधानसभा क्षेत्रों में करेंगे रोड शो
मुसाबनी | झारखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बदलाव यात्रा के नाम पर सड़क नाप रहे हैं तो वहीं मुख्यमंत्री रघुवर दास भी जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के नाम पर वोटरों का मन टटोलते डगर-डगर घूम रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री यात्रा के माध्यम से तीन विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगे। जिसके तहत बहरागोड़ा, घाटशिला और पोटका विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। इसी क्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास घाटशिला होते हुए मुसाबनी आएंगे। जिसको लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। क्षेत्र के भाजपाई तैयारी में जुट गए हैं। पूरे शहर को पार्टी के झंडा से पाट दिया गया है। तोरण द्वार बनाने का कार्य जोरों पर चल रहा है। यह जानकारी भाजपा के मंडल अध्यक्ष सत्या तिवारी ने दी।
चाकुलिया : सड़कों की साफ-सफाई व मरम्मत शुरू
चाकुलिया | चाकुलिया में गुरुवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास के जोहार जन आशीर्वाद यात्रा आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकस है। किसी तरह की कमी न रह जाए, इसको लेकर जोर-शोर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बदहाल सड़कों की तेजी से मरम्मत की जा रही है। नगर पंचायत क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है । काफी दिनों से बिना सफाई के गंदगी से बज बजाती नालियों की जोर शोर से सफाई चल रही है । सड़क के किनारे नालियों की सफाई के साथ-साथ घास तक भी साफ किया जा रहा है । पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को चकाचक किया जा रहा है। सीएम के पहुंचने पर उन्हें कोई कमी नजर न आए, इसको लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
यात्रा से पूर्व जादूगोड़ा के भाजपाइयों में गुटबाजी तेज
जादूगोड़ा| मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जादूगोड़ा के भाजपाइयों में आपसी गुटबाजी काफी तेज हो गई है। जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह द्वारा युवा मोर्चा के जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष रोहित राकेश सिंह को पद से हटाए जाने के बाद आपसी विवाद काफी बढ़ गया है। जहां रोहित राकेश सिंह द्वारा मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पैसे की मांग करने एवं पैसा लेकर पद बांटने का आरोप लगाया है। जिससे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले आपसी तना-तनी काफी बढ़ गई है। जादूगोड़ा में भाजपा ऐसे भी चार गुटों में बंटी हुई है।
जोहार जन आशीर्वाद यात्रा की जादूगोड़ा में तैयारी पूरी
जादूगोड़ा|मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जादूगोड़ा क्षेत्र में 26 सितंबर को पहुचेंगे। इसकी तैयारी में जादूगोड़ा के भाजपा नेता जुट गए हैं। राज्य सभा सांसद समीर उरांव बुधवार को जादूगोड़ा पहुंचकर तैयारी का जायजा लिए। जादूगोड़ा के अटल चौक पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजपेयी की मूर्ति का रंग रोगन भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह के आग्रह पर एचसीएल कंपनी द्वारा किया गया।