पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हाथियों ने दाे एकड़ में लगी फसल रौंदी, सिंचाई को लगी टंकी तोड़ी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

घाटशिला अनुमंडल में जंगली हाथियों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

मंगलवार रात जंगली हाथियों ने बाघुड़िया पंचायत के केशरपुर टोला, भूतकोचा सुकना पहाड़ के समीप दशरथ मार्डी की दो एकड़ जमीन में लगी गेहूं, चना, टमाटर, नेनुआ, खीरा की फसल काे बर्बाद कर दिया। इसके बाद खेत में सिंचाई के लिए लगाई गई पानी टंकी को तोड़ दिया।

दशरथ मार्डी ने बताया- हाथियों के हमले में हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। वे हाथी के भय से अपने गांव भूतकाेचा छाेड़कर केशरपुर में रहते हैं। एक वर्ष पूर्व वे पूरे परिवार के साथ रोजगार की तलाश में गुजरात गए थे। लेकिन फिर लाैटकर अपनी जमीन पर खेती शुरू की। खेती के लिए उन्होंने कृषि लोन भी ले रखा था।

बुधवार को परिजनों ने घटना की जानकारी मुखिया हुडिंग सोरेन को दी। दशरथ के परिजनाें ने कहा- फसल बर्बादी का मुआवजा नहीं मिला तो उनके सामने खुदकुशी के अलावा कोई उपाय नहीं बचेगा।

मुआवजा को आवेदन दें

वन विभाग के कर्मचारी बलराम सिंह मुंडा और अभिलाष कुमार ने बताया- हाथियों के हमले में जिन लोगों का नुकसान हो रहा है, वे आवेदन दें। उन्हें जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाएगा। लोग हाथी को इस गांव से उस गांव भगाते हैं, जिससे हाथी भाग नहीं पाता है। फिलहाल दोनों हाथी अमलागोड़ा के जंगल में हैं।

इधर, चाकुलिया गोशाला में जंगली हाथियों ने मचाया खूब उत्पात

चाकुलिया नया बाजार स्थित गोशाला में जंगली हाथियों का उत्पात दूसरे दिन भी जारी रहा। दो जंगली हाथियों ने सोमवार और मंगलवार की रात गोशाला में उत्पात मचाया। हाथियों ने मकई और केले के पौधों को रौंद दिया। लोगों के बीच हाथियों को लेकर दहशत का माहौल है।

मंगलवार रात वन विभाग के कर्मचारियों और क्यूआरटी ने मशाल जलाकर और शोर मचाकर दोनों हाथियों को चाकुलिया बाजार में घुसने नहीं दिया। हालांकि, हाथियों ने गोशाला में लगी मकई एवं केले के पौधे को रौंद दिया।

दूसरी ओर लोधाशोली पंचायत के अमलागोड़ा में जंगली हाथियों ने नीरज मिश्रा के बागान में सब्जियों एवं केले के पौधे को रौंद डाला।

जंगली हाथियों ने नीरज मिश्रा के बागान में सब्जियों एवं केले के पौधे को रौंद डाला।


अमलागोड़ा के जंगल में दो जंगली हाथी।
खबरें और भी हैं...