- Hindi News
- National
- Ghatsila News Fraud Atm Card Changed Withdrawal Of 70 Thousand Rupees Police Started Investigation
धोखाधड़ी : एटीएम कार्ड बदल 70 हजार रुपए की निकासी, पुलिस ने शुरू की जांच
मऊभंडार ओपी क्षेत्र में एटीएम से धोखाधड़ी कर 70 हजार रुपए निकासी का मामला सामने आया है। फूलपाल निवासी शेख सलीम ने मऊभंडार ओपी में शिकायत कर बताया कि एक युवक ने धोखे से उनका एटीएम ले लिया और 70 हजार रुपए की निकासी कर ली। पीड़ित के मुताबिक उनका बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड है। बीते 5 मार्च को वह बीओआई की गोपालपुर शाखा की एटीएम से पैसा निकालने पहुंचा था। उनके लगातार प्रयास के बाद भी जब पैसे नहीं निकले तो पीछे खड़े एक युवक ने मदद करने की पेशकश की। उक्त युवक ने एटीएम कार्ड को लेकर 15 हजार रुपए निकालने में मदद की। पैसा निकालने का एहसास उन्हें शनिवार को हुआ जब वह पुनः पैसा निकालने एटीएम पहुंचे। पहले बैंक ऑफ इंडिया की गोपालपुर शाखा के समीप एटीएम से निकालने का प्रयास किया। एटीएम से पैसा नहीं निकलने पर वह अपने एक साथी के साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मऊभंडार शाखा के बाहर स्थित एटीएम पहुंचे। यहां पैसा निकालने के दौरान मालूम चला कि उनका कार्ड बदला हुआ है। बैंक से पता चला कि उक्त युवक ने 50 हजार रुपए की शॉपिंग की है और 20 हजार रुपए की निकासी की है। शिकायत के बाद पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी से आरोपी युवक की फोटो निकाल कर जांच शुरू कर दी है।