- Hindi News
- National
- Ghatsila News Holi Played Very Well Defying The Threat Of Corona Virus People Greeted Each Other With Color
कोरोना वायरस के खतरे को धता बता खूब खेली होली, एक-दूसरे को रंग लगाकर लोगों दी बधाई
रंगों का त्योहार होली घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मना। होली के दरम्यान पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही। कोरोना वायरस के संभावित खतरे को दरकिनार कर लोगों ने जमकर होली खेली। कुछ स्थानों पर वायरस के भय के कारण होली का रंग थोड़ा फीका जरूर रहा, लेकिन उत्साह में कहीं कोई कमी देखने को नहीं मिली।
महिलाओं और बच्चों के बीच होली को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। बच्चे पिचकारी से रंगों की बौछार करने में मशगूल रहे। राहगीरों पर रंग उड़ेलते बच्चों के चेहरे की खुशी देखते ही बन रही थी। होली में महिलाएं भी पीछे नहीं रही और टोली बना एक-दूसरे को खूब रंग-गुलाल लगाए। बुजुर्गों ने फगुआ गाकर होली का आनन्द लिया तो युवाओं ने चौक-चौराहों पर फिल्मी गीतों पर थिरकते हुए होली का उत्सव मनाया। लोगों ने होली पर कई तरह के बने पकवान का भी जमकर लुत्फ उठाया। क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस बल के जवान पूरी तरह से मुस्तैद दिखे।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ होलिका दहन
होली के एक दिन पूर्व सोमवार देर शाम होलिका दहन का आयोजन हुआ। लोगों ने पूरे विधि-विधान के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया। मऊभंडार बी-ब्लॉक, चाइना लाइन, नालापार, दाहिगोड़ा समेत करीब आधा दर्जन स्थानों पर होलिका दहन किया गया।
गालूडीह : शांतिपूर्ण रूप से मनाया गया त्याेहार
गालूडीह एवं आस पास के क्षेत्राें में शांतिपूर्ण तरीके से हाेली मनाई गई। हाेली के दाैरान किसी प्रकार की अनहाेनी राेकने के लिए जगह-जगह पुलिस बल काे तैनात किया गया था। लाेगाे ने भी अधिकतर अबीर व गुलाल से हाेली खेली। होली के दाैरान बाजाराें में सन्नाटा पसरा रहा।
मऊभंडार चौक पर होली मिलन में सभी धर्म विशेष के लोग शामिल
हर साल की तरह इस बार भी भाजपा नेता विजय पांडेय और प्रदीप सिंह तोमर के नेतृत्व में मऊभंडार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सभी धर्म एवं वर्ग विशेष के लोग शामिल हुए। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर होली की बधाई दी। फिर होली के फिल्मी गीतों पर जमकर थिरके। मौके पर विनोद सिंह, संजीव सिंह तोमर, अविनाश तिवारी, रवि सिंह चौहान, मुकेश कुमार, अभिषेक तिवारी, निताई मुंडा, गौतम मोहंती, विनोद अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मो शाबिर, सज्जाद खान, फारुख सिद्दकी, नीरज छेत्री, राजेश पांडेय, अरुण राय, रंजीत कुमार, वाहिद खान, शेख सिराज, मो फिरोज, माणिक मोहंती, रमेश जायसवाल, उमेश साहू, रविन्द्र सिंह, बृजनाथ सिंह, संजीव चौधरी, विवेक पांडेय आदि उपस्थित थे।
जादूगोड़ा में शांतिपूर्ण से मनी होली का पर्व
जादूगोड़ा में सोमवार को मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने जादूगोड़ा बाजार गेट के सामने होलिका दहन किया। मंगलवार को रंग अबीर के साथ बधाई दी। माटिगोड़ा के अग्रसेन धर्मशाला में मारवाड़ी जिला सम्मेलन के सदस्यों व मारवाड़ी महिला के सदस्यों ने होली मनाया।
मुसाबनी जगन्नाथ मंदिर परिसर में श्रद्घालुओं ने धूमधाम से मनाई होली
मुसाबनी | दो नंबर स्थित श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर में मंगलवार को मदनमोहन प्रभु को सुसज्जित झूले में स्थापित कर हवन एवं पूजा की गई. इसके बाद श्रद्घालुओं ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगा कर हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। संध्या आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर डॉ गौर चंद्र सत्पथी, रविकांत चौधरी, रविंद्र नाथ घोष, अक्षय ब्रह्मा आदि मौजूद थे।
डीवीसी की मनमानी कटौती से परेशान रहे उपभोक्ता
दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) का झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) पर बकाया होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को झेलना पड़ रहा है। होली के दौरान बिजली नहीं रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। उल्लेखनीय है कि डीवीसी द्वारा 8 मार्च से रोजाना दिनभर में दो बार बिजली कटौती (लोड शेडिंग) की जा रही है। चार दिनों में 18 घंटे से अधिक लोड शेडिंग की जा चुकी है। 10 मार्च को 6 घंटे बिजली कटौती की गई।
मुसाबनी : होली की मस्ती में फगुआ गीतों पर झूमे लोग
मुसाबनी के अग्रसेन भवन में होली मिलन का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। संकट मोचन हनुमान मंदिर, न्यू कॉलोनी महाकालेश्वर मंदिर में फगुआ गीतों पर लोगों ने झाल मदिरा बजाकर होली का आनंद लिया। मुसाबनी थाना प्रभारी संजीव कुमार झा के नेतृत्व में मुसाबनी थाने में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। मौके पर पर डीएसपी पीतांबर सिंह खैरवार आदि मौजूद थे।
चाकुलिया : विधायक को गुलाल लगाकर लाेगाें ने दी बधाई
चाकुलिया नगर एवं प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को धूमधाम से होली मनाई गई। विधायक समीर माेहंती ने पुराना बाजार स्थित अपने आवास पर शहरवासियों संग होली मनाई। शहरवासियों ने विधायक को गुलाल लगा होली की बधाई दी। चाकुलिया थाना परिसर में थाना प्रभारी अनिल नायक ने जवानों एवं समाजसेवियों को गुलाल लगाकर होली मनाई। नया बाजार स्थित नागाबाबा मंदिर में बिहारी समुदाय अन्य ने होली मनाई।
घाटशिला : श्रद्धा कोचिंग सेंटर में स्वच्छता अभियान के बाद हाेली
श्रद्धा कोचिंग सेंटर के संचालक अजय चक्रवर्ती के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने मंगलवार को कई स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने गोपालपुर ओवरब्रिज से लेकर लालडीह फाटक तक सड़क किनारे सफाई की। सफाई अभियान चलाने के उपरांत शिक्षकाें एवं विद्यार्थियों ने एक साथ होली मनाई। मौके पर सुजन मान्ना, शुभम कावडी, पापन पाल, अभिषेक महतो सहित कई विद्यार्थी शामिल थे।
बच्चे पिचकारी से रंगों की बौछार करने में रहे मशगूल तो बड़े डीजे की धुन पर होली खेलने में रहे मस्त
होलिकोत्सव } घाटशिला, मुसाबनी, चाकुलिया सहित अन्य क्षेत्रों में दो दिन तक मंत्री से लेकर संतरी तक ने मनाया होली का त्योहार
जादूगाेड़ा में हाेली खेलते लाेग।
राजस्टेट में कीचड़ में हाेली खेलते लाेग।
मुसाबनी : होली खलते थाना प्रभारी व अन्य।