सुलभ शौचालय की पानी टंकी चाेरी, केस
चोर घरों व दुकानों पर चोरी करने के साथ ही अब शौचालयों को निशाना बनाने में नहीं चूक रहे। रविवार की रात चोरों ने नागाबाबा मंदिर के समीप बने 22 लाख की लागत सुलभ शौचालय की पानी की टंकी चोरी कर ली। वार्ड वासियों ने इसकी शिकायत नगर पंचायत कार्यालय में दी है। वार्ड के लोगों ने बताया कि नागाबाबा मंदिर के बाहर नगर पंचायत द्वारा सुलभ शौचालय बनाए गए थे। चोर उसकी छत पर रखी चार पानी की टंकी चोरी कर ली। इस संबंध में पूछने पर कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार ओझा ने कहा कि शौचालय से चार पानी की टंकी चोरी हुए हैं। चाकुलिया थाना में इसकी शिकायत की जाएगी। दूसरी ओर शहर में बने सुलभ शौचालयों की कोई सुध लेने वाला नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर केवल शो पीस बन कर रह गए शौचालय स्वच्छता अभियान की असफलता की बानगी पेश कर रहे हैं। शहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे, मुस्लिम बस्ती, टॉउन हॉल के पीछे, पुरनापानी पार्क के समीप तथा नागाबाबा के सामने बने शौचालय की बदहाली शहर में स्वच्छता अभियान को आइना दिखाने को काफी है। इन सार्वजनिक शौचालयों में किसी पर ताला लटका मिलता है, तो कइयों पर लावारिस पशुओं का कब्जा है। शौचालयों से केवल सरकारी योजना व पैसे का दुरुपयोग नजर आता है। पिछले कई वर्षों पहले 22-22 लाख की लागत से इन स्थलों में सुलभ शौचालय बनाए गए। शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते शौचालय खंडहर बन गया।
नागाबाबा मंदिर के समीप सुलभ शौचालय की पानी टंकी हुई चाेरी।