अलग-अलग हुए सड़क हादसे में 3 लोग घायल
प्रखंड के दो अलग-अलग स्थानों पर सोमवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गये। घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल में इलाज के बाद एक को धनबाद रेफर कर दिया गया। पहली घटना निमियाघाट थाना क्षेत्र के ईसरी बाजार स्थित शिवाजी नगर के समीप हुई। बताया जाता है कि एक चार पहिया वाहन मुड़ने के दौरान एक बाईक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में बाईक सवार समदा निवासी सरफुद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना डुमरी थाना क्षेत्र के डुमरी चैक के समीप हुई। बताया जाता है कि पैदल जा रहे डुमरी निवासी फुचन केवट के पुत्र गणेश कुमार को ईसरी की ओर जा रही एक बाईक ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में गणेश कुमार घायल हो गया। वहीं बाईक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिससे बाईक में सवार नेहा कुमारी घायल हो गई। बाईक में तीन लोग सवार थे। दोनों घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल में ईलाज किया गया।